भारत ने हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 90 रन से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 219 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई और भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह कब्जा बनाए रखा.
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही लेकिन शुरुआती विकेट भी जल्दी गिर गए. अभिषेक शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं पिछले मैच के स्टार वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. कप्तान श्रेयस अय्यर ने 25 रन बनाए लेकिन एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल सके. इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. दोनों के बीच 43 गेंदों में 94 रन की शानदार साझेदारी हुई. ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन की दमदार पारी खेली. वहीं तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाकर टीम को 5 विकेट पर 219 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. रिंकू सिंह ने भी अंत में 12 रन का योगदान दिया.
219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा. अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट को आउट कर करियर का पहला विकेट हासिल किया. बेनेट 19 गेंदों में 32 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन यश ने उनकी पारी खत्म कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद प्रिंस यादव ने बेन करन को सिर्फ 1 रन पर आउट किया. रवि बिश्नोई ने डियोन मेयर्स को क्लीन बोल्ड किया. भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही मुकाबले का रुख बदल दिया और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी दबाव में आ गई.
भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे और जिम्बाब्वे वापसी नहीं कर सका. कप्तान सिकंदर रजा बिना खाता खोले आउट हो गए. प्रिंस यादव ने उन्हें शून्य पर पवेलियन भेजकर अपना दूसरा विकेट लिया. इसके बाद भी जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी नहीं संभल सकी और आधी टीम सिर्फ 65 रन पर आउट हो गई. आखिरकार पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 90 रन से जीत लिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज भी जीत गई और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में ऐसा पहली बार हुआ.