Commonwealth games 2026 में भारत की महिला बॉल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा है. रूपा रानी टिर्की और पिंकी ने महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले के मुकाबले में टोंगा की जोड़ी को रोमांचक टाई-ब्रेकर में हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की. इस जीत से भारत की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं.
SEC हॉल में खेले गए इस मुकाबले में भारत की रूपा रानी टिर्की और पिंकी का सामना टोंगा की पेरिस बेकर और मिलिका नाथन से हुआ. मुकाबले की शुरुआत में टोंगा ने पहला एंड जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली. हालांकि, भारतीय जोड़ी ने जल्द ही वापसी की. रूपा रानी ने लगातार सटीक बॉल फेंकी. वहीं पिंकी ने सही समय पर बेहतरीन शॉट खेलकर टीम को बढ़त दिलाई. दोनों खिलाड़ियों के शानदार तालमेल का फायदा भारत को मिला और टीम ने पहला सेट 5-2 से अपने नाम कर लिया.
पहला सेट हारने के बाद टोंगा ने दूसरे सेट में दमदार खेल दिखाया. पेरिस बेकर और मिलिका नाथन ने लगातार अच्छे शॉट लगाए और तीन एंड के बाद 6-0 की मजबूत बढ़त बना ली. भारतीय खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और लगातार अंक जुटाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की. रूपा रानी और पिंकी ने स्कोर का अंतर कम किया लेकिन टोंगा ने दूसरा सेट 6-4 से जीत लिया. दोनों टीमों के बीच एक-एक सेट होने के कारण मुकाबले का फैसला टाई-ब्रेकर से होना तय हुआ.
टाई-ब्रेकर में भारतीय जोड़ी ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाया. रूपा रानी ने अपनी सभी कोशिशें सफलतापूर्वक पूरी कीं और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इसके बाद पिंकी ने भी सटीक बॉल फेंककर टीम की बढ़त बरकरार रखी. भारत ने टाई-ब्रेकर 2-0 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. यह महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले में भारत की लगातार तीसरी जीत रही. सेक्शन बी में भारत और इंग्लैंड दोनों ने तीन-तीन मैच जीते हैं लेकिन एक अतिरिक्त सेट जीतने के कारण इंग्लैंड फिलहाल आगे है. अब भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे नामीबिया से होगा.