नई दिल्ली: टी20 विश्व कप में उम्मीदों के विपरीत प्रदर्शन के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने राशिद खान को टी20 टीम की कप्तानी से हटाकर इब्राहिम जादरान को नया कप्तान नियुक्त किया है.
बोर्ड ने यह घोषणा श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 और वनडे सीरीज के लिए टीमों के चयन के साथ की. अफगानिस्तान की टीम 13 मार्च से शारजाह में टी20 सीरीज खेलेगी, जबकि वनडे मुकाबले 20 मार्च से दुबई में शुरू होंगे.
टी20 विश्व कप में टीम के सुपर-8 चरण में पहुंचने में नाकाम रहने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नेतृत्व में बदलाव का निर्णय लिया. बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने बताया कि टूर्नामेंट के बाद टीम की संरचना और नेतृत्व को लेकर चर्चा चल रही थी. इसी प्रक्रिया के तहत यह फैसला लिया गया कि टी20 टीम की कमान अब इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है.
अफगानिस्तान के मुख्य चयनकर्ता ने कहा कि इब्राहिम जादरान पहले भी राशिद खान के डिप्टी के रूप में टीम के साथ काम कर चुके हैं. उनके अनुभव और समझ को देखते हुए उन्हें नियमित कप्तान बनाया गया है. उन्होंने कहा कि बोर्ड राशिद खान के योगदान के लिए आभारी है और नए कप्तान के रूप में इब्राहिम को शुभकामनाएं देता है.
श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए टीम चयन में भी कुछ अहम बदलाव देखने को मिले हैं. तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी, ऑलराउंडर गुलबदीन नैब और मोहम्मद इशाक को दोनों टीमों से बाहर रखा गया है. वहीं, स्पिन ऑलराउंडर शरफुद्दीन अशरफ, तेज गेंदबाज फरीद अहमद और विकेटकीपर बल्लेबाज नूर रहमान को टी20 टीम में जगह दी गई है.
बिलाल सामी ने पिछले साल अबू धाबी में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे. इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें वनडे टीम में बरकरार रखा गया है. और साथ ही उन्हें टी20 टीम के रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल किया गया है.
अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 मार्च से शारजाह में खेली जाएगी. इसके बाद दोनों टीमें दुबई में तीन वनडे मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगी, जिसकी शुरुआत 20 मार्च से होगी. इस दौरे को अफगानिस्तान टीम के लिए नई कप्तानी के साथ एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान, फरीद अहमद मलिक व अब्दुल्ला अहमदजई.
हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उपकप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, बिलाल समी, नांग्याल खरोटी, गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी व फरीद अहमद मलिक.