IND vs ZIM: चेपॉक में गरजे भारतीय बल्लेबाज, जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया; अब विंडीज से होगा 'सेमीफाइनल' का फैसला
जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मुकाबले में भारत ने शानदार जीत हासिल कर ली है. टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला जिम्बाब्वे के लिए गलत साबित हुआ और भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 256 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया.
नई दिल्ली: चेन्नई के ऐतिहासिक चेपॉक स्टेडियम में गुरुवार को भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि जिम्बाब्वे का गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह बिखर गया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 256 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. पारी की शुरुआत संजू सैमसन (26) और अभिषेक शर्मा ने तेज तर्रार तरीके से की. पिछले कुछ मैचों से शांत रहा अभिषेक का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने मात्र 30 गेंदों में 55 रनों (4 चौके, 4 छक्के) की आतिशी पारी खेली.
मध्यक्रम में ईशान किशन (38) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) ने रनों की गति को बनाए रखा. सूर्या के 15वें ओवर में आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए मात्र 23 गेंदों में 84 रनों की अविजित और विस्फोटक साझेदारी कर जिम्बाब्वे को मैच से बाहर कर दिया. हार्दिक ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने मात्र 14 गेंदों में 44 रनों की पारी खेलकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
जिम्बाब्वे की चुनौती: ब्रायन बेनेट का साहसी संघर्ष
257 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी. हालांकि, ओपनर ब्रायन बेनेट ने हार नहीं मानी और अंत तक लड़ते रहे. उन्होंने 59 गेंदों में 8 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला. कप्तान सिकंदर रजा ने 30 और मारुमानी ने 20 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए. अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक सफलता मिली.
कोलकाता में होगा महामुकाबला: वेस्टइंडीज से सेमीफाइनल की जंग
इस जीत के साथ भारत ने अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखी हैं. अब भारत का सामना 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से होगा. यह मैच एक 'वर्चुअल क्वार्टर फाइनल' की तरह होगा, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी.
और पढ़ें
- T20 World Cup 2026: चेन्नई में भारतीय बल्लेबाजों का कहर, एक बार फिर टूटने से बचा श्रीलंका का विश्व रिकॉर्ड
- T20 World cup 2026: साउथ अफ्रीका ने लगा दी भारत की नैय्या पार, दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री; सारे समीकरण ध्वस्त
- WI vs SA: सुपर 8 के करो या मरो मुकाबले में संजू सैमसन-अक्षर पटेल की वापसी, जानें किनका कटा पत्ता?