Sarfaraz Khan: टीम इंडिया के लिए टेस्ट में डेब्यू कर चुके सरफराज खान इस वक्त चर्चा में आ गए हैं. उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया में अपनी जगह पर बड़ा बयान दिया है. सरफराज ने कहा उन्हें टीम में जगह मिलने की कोई उम्मीद नहीं है, हालांकि वो किसी भी अवसर के लिए हमेशा तैयार रहेंगे. टेस्ट डेब्यू में दमदार प्रदर्शन करने वाले सरफराज ने आखिर ऐसा क्यों कहा, चलिए जानते हैं....
दरअसल, सरफराज खान को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इसलिए मौका मिल पाया था, क्योंकि केएल राहुल चोटिल थे, जबकि विराट कोहली ने निजी कारणों के चलते ब्रेक लिया था. अब यह दोनों दिग्गज फिट हैं और रेड बॉल क्रिकेट में वापसी को तैयार हैं. कोहली-राहुल की वापसी से सरफराज को मौका मिलना मुश्किल है. उनके चयन की संभावना कम लगती है.
मेरी कोई उम्मीद नहीं- सरफराज
सरफराज ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा "मेरी कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन अगर अवसर आएगा तो मैं तैयार रहूंगा. मैं हमेशा से यही करता आया हूं और मुझे इसमें बदलाव करने की कोई वजह नहीं दिखती..
बांग्लादेश सीरीज के बारे में नहीं सोच रहा
सरफराज ने आगे बताया कि मैं 'बांग्लादेश सीरीज के बारे में नहीं सोच रहा हूं, लेकिन प्रैक्टिस करते हुए तैयार रहना होगा. बारिश के कारण मैंने मुंबई में इस स्तर का अभ्यास नहीं किया है. आप सिर्फ गेंदबाजी मशीन, साइड-आर्म थ्रोअर या कभी-कभी इनडोर सुविधाओं में गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं, लेकिन मुझे इनडोर बल्लेबाजी पसंद नहीं है, क्योंकि गेंद बल्ले पर आसानी से आती है. टर्फ पर ऐसा नहीं है, क्योंकि यह आपको बहुत चुनौती देगा और आप केवल कठिन अभ्यास करके ही सुधार कर सकते हैं.'
डेब्यू में ही छा गए थे सरफराज खान
सरफराज खान के लिए फरवरी-मार्च 2024 का वक्त बढ़िया था. उन्होंने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया. राजकोट टेस्ट में डेब्यू में ही उन्होंने 62 रनों की विस्फोटक पारी खेली. वे शतक की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन रवींद्र जडेजा के रन आउट होने से उनकी पारी छोटी हो गई. फिर भी उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 68 और धर्मशाला टेस्ट में 56 रनों की एक और ठोस पारी खेली और टेस्ट टीम में अपना दावा और मजबूत कर लिया था.
बुची बाबू टूर्नामेंट में नजर आएंगे सरफराज खान
26 वर्षीय सरफराज ने मुंबई के लिए बुची बाबू टूर्नामेंट में खेलने के लिए कमर कस ली है. वे कप्तानी करते दिखेंगे. वो इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने पिछले कुछ महीनों में उन्होंने अपना वजन कम करने और फिटनेस ठीक करने में पूरा ध्यान दिया है. वो ऑफ-सीजन के दौरान, उत्तर प्रदेश में अपने पैतृक गांव वापस चले गए और पर्दे के पीछे से अपना काम शुरू किया, जिससे वह पहले से ज्यादा दुबले, फिट और ज्यादा चुस्त हो गए हैं.