menu-icon
India Daily

ध्रुव जुरेल खत्म करेंगे नंबर तीन का टेंशन? ऋषभ पंत कहां करेंगे बल्लेबाजी, अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

पंत जिन्हें शनिवार (8 नवंबर) को दूसरी पारी के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी, पहले टेस्ट के लिए विशेषज्ञ विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

Gyanendra Sharma
Edited By: Gyanendra Sharma
IND vd SA
Courtesy: Photo- Dhruv Jurel insta

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की सीरीज़ का पहला टेस्ट मैच 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र की दूसरी घरेलू सीरीज के लिए, ऋषभ पंत और बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप की भारतीय टीम में वापसी हुई है. दोनों चोट के कारण पिछले महीने वेस्टइंडीज़ के खिलाफ दो मैचों की सीरीज़ से बाहर हो गए थे. लेकिन अब वे पूरी तरह से फिट हैं और उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु में भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच हुए दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में अपनी फिटनेस साबित भी की है.

पंत जिन्हें शनिवार (8 नवंबर) को दूसरी पारी के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी, पहले टेस्ट के लिए विशेषज्ञ विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आकाश दीप को ईडन गार्डन्स में रेड-बॉल मैच खेलने का मौका मिलता है या नहीं. जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज उनसे आगे हैं और अगर भारतीय टीम प्रबंधन केवल दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला करता है तो उन्हें मौका मिलने की संभावना कम है.

नितीश कुमार रेड्डी का खेलना मुश्किल

भारतीय टीम प्रबंधन नितीश कुमार रेड्डी को बेंच पर बिठाकर उनके लिए जगह बना सकता है. नितीश ने अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए दोनों टेस्ट मैच खेले थे, लेकिन शुभमन गिल ने उन्हें गेंदबाज़ी के तौर पर ज़्यादा इस्तेमाल नहीं किया और उन्हें सिर्फ़ एक बार बल्लेबाज़ी का मौका मिला. वेस्टइंडीज श्रृंखला में ध्रुव जुरेल भारत के विशेषज्ञ विकेटकीपर थे और आगरा के इस क्रिकेटर ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए श्रृंखला के पहले मैच में शतक बनाकर बल्ले से भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था.

जुरेल ने बल्ले के दम से पाई टीम में जगह

पंत को 5 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किए जाने के बाद, जुरेल की एकादश में जगह को लेकर सवालिया निशान थे, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह दूसरे अनौपचारिक भारत ए-दक्षिण अफ्रीका ए टेस्ट की दोनों पारियों में नाबाद शतक लगाकर एकादश में चयन के लिए दावा पेश किया.

खेल के कई पूर्व दिग्गज और विशेषज्ञ उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करने की वकालत कर चुके हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं. और अगर उन्हें मौका मिलता है, तो पंत के लिए प्लेइंग इलेवन में कौन जगह बनाएगा?

नंबर 3 बल्लेबाज कौन? 

हालांकि फिलहाल जुरेल की जगह जिस खिलाड़ी को बाहर किया जा सकता है, वह नितीश हैं, लेकिन यह भी संभावना है कि उन्हें बी साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किया जाए. तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ नंबर 3 बल्लेबाज के तौर पर तीन और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले, लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए. भारतीय टीम प्रबंधन रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के स्पिन आक्रमण को जारी रखने की उम्मीद कर रहा है, जबकि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल एक बार फिर पारी की शुरुआत करेंगे और कप्तान गिल चौथे नंबर पर होंगे.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन 

यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज.