menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: पाकिस्तानी खिलाड़ी साहिबजादा फरहान ने रचा इतिहास, तोड़ डाला कोहली का 'विराट' का रिकॉर्ड

फरहान टी20 विश्व कप के एक ही संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने कोहली का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: पाकिस्तानी खिलाड़ी साहिबजादा फरहान ने रचा इतिहास, तोड़ डाला कोहली का 'विराट' का रिकॉर्ड

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. वह इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. सुपर-8 चरण के अपने अंतिम मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और भारतीय दिग्गज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया.

इस मैच में 37 रन बनाते ही फरहान टी20 विश्व कप के एक ही संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने कोहली का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला. विराट कोहली ने 2014 में आयोजित टी20 विश्व कप में 6 मैचों में कुल 319 रन बनाए थे, जो लंबे समय तक टूर्नामेंट इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. 

फरहान की शानदार फॉर्म जारी

फरहान ने इस मुकाबले से पहले पांच मैचों में 283 रन बनाए थे. इस दौरान उनका औसत 70 से अधिक और स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा रहा, जिससे उनकी निरंतरता और आक्रामकता दोनों साफ दिखाई देती है. टी20 विश्व कप के एक एडिशन में 300 या उससे अधिक रन बनाने का कारनामा काफी कम बल्लेबाज कर पाए हैं.

खास लिस्ट में कोहली और बाबर का नाम

विराट कोहली के बाद पाकिस्तान के बाबर आजम ने भी एक संस्करण में 300 रन का आंकड़ा पार किया था. उनसे पहले श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान (2009) और महेला जयवर्धने (2010) ने भी ये उपलब्धि हासिल की थी. साहिबजादा फरहान ने अपने दमदार खेल से न सिर्फ रिकॉर्ड बुक में जगह बनाई है बल्कि यह भी साबित किया है कि वह आधुनिक टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं. 

पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच अहम मुकाबला

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले में अहम मुकाबला खेला जा रहा है. यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस मुकाबले का नतीजा सीधे सेमीफाइनल की तस्वीर तय करेगा. यदि पाकिस्तान की टीम यह मैच जीत लेती है तो वह ग्रुप-2 से अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर लेगी. वहीं, अगर पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ता है तो न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी.