आईसीसी ने गुरुवार को वनडे विश्व कप 2027 के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-ए में एक साथ रखा गया है, जिससे दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में महामुकाबला देखने को मिलेगा.
ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के साथ अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-ए शामिल हैं. वहीं ग्रुप-बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और क्वालीफायर-बी को जगह मिली है. इस बार नामीबिया भी दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ सह-मेजबान है, लेकिन आईसीसी का पूर्ण सदस्य न होने के कारण उसे टूर्नामेंट के लिए अलग से क्वालीफाई करना होगा.
𝙈𝘼𝙍𝙆 𝙔𝙊𝙐𝙍 𝘾𝘼𝙇𝙀𝙉𝘿𝘼𝙍𝙎 🗓️
— ICC (@ICC) October 1, 2026
The ICC Men’s #CWC27 fixtures have been unveiled 🏆
Access the ticket ballot 🎫 https://t.co/MSLEQzcObb pic.twitter.com/dpTE4TEjO7
30 सितंबर की कट-ऑफ तारीख तक कुल 14 में से 10 टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली है. मेजबान होने के नाते दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधा प्रवेश मिला है. वहीं भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने अपनी आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई किया है. बाकी 4 टीमों का फैसला अगले साल की शुरुआत में होने वाले क्वालीफायर मुकाबलों से होगा.
2027 वनडे वर्ल्ड कप का आगाज 2 अक्टूबर 2027 को होगा और खिताबी मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा. 50 ओवरों का विश्व कप 24 साल बाद अफ्रीकी सरजमीं पर लौट रहा है; इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने इसकी संयुक्त मेजबानी की थी. इस बार अफ्रीका के 12 स्टेडियमों में कुल 57 मैच खेले जाएंगे.