menu-icon
India Daily

Hockey World Cup: बइज्जती कराने से बाज नहीं आएगा पाकिस्तान... पेनल्टी कॉर्नर के वक्त ड्रेसिंग रूम में भूल गया सुरक्षा गियर

हॉकी वर्ल्ड कप में लंबे अंतराल के बाद उतरी पाकिस्तान टीम को इंग्लैंड ने 4 1 से हराया. मुकाबले के दौरान पेनल्टी कॉर्नर का सुरक्षा सामान ड्रेसिंग रूम में छूट जाने से टीम की तैयारी पर सवाल उठे.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Hockey World Cup: बइज्जती कराने से बाज नहीं आएगा पाकिस्तान... पेनल्टी कॉर्नर के वक्त ड्रेसिंग रूम में भूल गया सुरक्षा गियर
Courtesy: X (@SalmanAkbar12)

आज के समय में पाकिस्तान की हालत केवल क्रिकेट के मामले में ही खराब नहीं है बल्कि बाकि खेल में भी पाकिस्तान का यही हाल है. ऐसा कोई मौका नहीं होता जब पाकिस्तान अपनी बेइज्जती का मौका गंवाती हो. अब ऐसी ही एक घटना सामने आ रही है.  

हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की वापसी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही. टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने उसे 4-1 से मात दी. हार के साथ ही मैच में हुई एक ऐसी घटना चर्चा में आ गई, जिसने टीम की तैयारियों और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए. मुकाबले के दौरान पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन जरूरी सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध नहीं थे. इस वजह से खेल कुछ देर प्रभावित हुआ और कप्तान को ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया.

17वें मिनट में सामने आई चूक

मुकाबले के शुरुआती हिस्से में पाकिस्तान 0-1 से पीछे था, तभी करीब 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर का मौका बना. टीम को उस समय जिस सुरक्षात्मक गियर की जरूरत थी, वह ड्रेसिंग रूम में ही रह गया था. सामान मैदान पर नहीं होने के कारण पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर लेने में परेशानी हुई और खेल में अनावश्यक देरी हुई.

कप्तान को मिला ग्रीन कार्ड

सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने में हुई देरी का असर पाकिस्तान के कप्तान अबू बकर महमूद पर भी पड़ा. उन्हें ग्रीन कार्ड दिखाया गया. मुकाबले के इतने महत्वपूर्ण चरण में हुई यह घटना पाकिस्तान की व्यवस्था पर सवाल उठाने के लिए काफी थी. लंबे समय बाद विश्व कप में लौट रही टीम से ऐसी चूक की उम्मीद नहीं की जा रही थी.

पूर्व कप्तान ने जताई नाराजगी

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने इस घटना पर सोशल मीडिया मंच एक्स के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने टीम की तैयारी, अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए. उनके मुताबिक विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खिलाड़ियों के लिए जरूरी सामान की पहले से पूरी व्यवस्था होना बेहद जरूरी है. इस घटना ने टीम प्रबंधन की तैयारियों को भी कटघरे में ला दिया.

वापसी के साथ बढ़ी चिंता

पाकिस्तान की विश्व कप में वापसी लंबे इंतजार के बाद हुई है, लेकिन पहला ही मुकाबला उसके लिए निराशाजनक रहा. इंग्लैंड ने मैदान पर 4-1 की एकतरफा जीत दर्ज की. दूसरी ओर, सुरक्षा गियर से जुड़ी भूल ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं. अब पाकिस्तान के सामने अगले मुकाबलों में प्रदर्शन सुधारने के साथ अपनी तैयारियों और अनुशासन को भी मजबूत करने की चुनौती होगी.