क्रिकेट दुनिया के लिए दुखद खबर सामने आई है. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स अब इस दुनिया में नहीं रहे. 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. अपने शानदार करियर और रिकॉर्ड के दम पर उन्होंने क्रिकेट इतिहास में ऐसी पहचान बनाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.
सर गैरी सोबर्स ने 1954 से 1974 तक वेस्टइंडीज के लिए क्रिकेट खेला और इस दौरान अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया को प्रभावित किया. उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 8,032 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 57.78 रहा. उनके नाम 26 टेस्ट शतक और 30 अर्धशतक दर्ज हैं. साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 365 रन की ऐतिहासिक पारी कई वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रही. यह रिकॉर्ड 1994 में ब्रायन लारा ने तोड़ा. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है.
A great innings has come to an end. In our hearts, now and forever, Sir Garfield Sobers. 🖤🏏 pic.twitter.com/bv2MO1SJgz
— Windies Cricket (@windiescricket) July 17, 2026Also Read
सर गैरी सोबर्स सिर्फ बल्लेबाज नहीं थे, बल्कि दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिने जाते थे. वह बाएं हाथ से तेज-मध्यम गति, स्पिन और रिस्ट स्पिन तीनों तरह की गेंदबाजी कर सकते थे. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 235 विकेट लिए और कई मैचों में अकेले दम पर अपनी टीम को जीत दिलाई. फील्डिंग में भी उनका योगदान शानदार रहा. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 109 कैच पकड़े और अपनी फुर्ती के कारण विरोधी बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौती बने रहे.
The BCCI mourns the passing of Sir Garfield Sobers, a true icon of the game and one of cricket's greatest-ever all-rounders.
— BCCI (@BCCI) July 17, 2026
His extraordinary achievements, lasting influence on Caribbean cricket and immeasurable contribution to the global game have left an enduring legacy that… pic.twitter.com/5263SNLezn
क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए ब्रिटिश सरकार ने 1975 में उन्हें नाइटहुड से सम्मानित किया, जिसके बाद उनके नाम के आगे ‘सर’ जुड़ गया. उन्होंने वेस्टइंडीज की कप्तानी भी की और टीम को कई यादगार जीत दिलाईं. मैदान के बाहर भी उनका व्यक्तित्व बेहद सरल और प्रेरणादायक माना जाता था. उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है और दुनिया भर के खिलाड़ी, पूर्व क्रिकेटर और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. रिकॉर्ड समय के साथ बदल सकते हैं लेकिन सर गैरी सोबर्स का योगदान और उनकी विरासत हमेशा क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेगी.