FIFA World Cup 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है. पहला सेमीफाइनल यूरोप की दो मजबूत टीमों फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया है. अब मुकाबला फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए होगा, इसलिए दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजर इस मैच पर टिकी है.
डलास स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है. मौजूदा यूरोपियन चैंपियन स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. इस जीत में मिकेल मेरिनो ने आखिरी समय में गोल कर टीम को जीत दिलाई. दूसरी ओर फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर शानदार अंदाज में अंतिम चार में प्रवेश किया. फ्रांस की ओर से किलियन एम्बाप्पे और उस्मान डेम्बेले ने गोल किए. दोनों टीमों का डिफेंस भी पूरे टूर्नामेंट में मजबूत रहा है. स्पेन ने छह मैचों में केवल एक गोल खाया है. वहीं फ्रांस ने सिर्फ दो गोल गंवाए हैं और लगातार तीन नॉकआउट मैचों में क्लीन शीट रखी है.
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा दो स्टार खिलाड़ियों की होगी. फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे शानदार फॉर्म में हैं और टीम को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं. वहीं स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल एक बार फिर अपनी तेज ड्रिब्लिंग और शानदार अटैक से मैच का रुख बदल सकते हैं. पिछली बार दोनों टीमें यूरो 2024 के सेमीफाइनल में भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी. उस मैच में यमाल और दानी ओल्मो ने गोल किए थे. इस बार फ्रांस उस हार का हिसाब बराबर करना चाहेगा. वहीं स्पेन लगातार बड़े टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बनाए रखने की कोशिश करेगा.
भारतीय समय के अनुसार यह मुकाबला 15 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा. मैच डलास स्टेडियम में खेला जाएगा और इसकी रेफरी की जिम्मेदारी अल साल्वाडोर के इवान बार्टन संभालेंगे. भारत में फुटबॉल प्रेमी इस मुकाबले का सीधा प्रसारण Zee5 पर देख सकते हैं. दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन भी लगभग तय मानी जा रही है. फ्रांस की उम्मीदें एम्बाप्पे, डेम्बेले और ओलिसे पर रहेंगी, जबकि स्पेन के लिए यमाल, रोड्री, पेड्री और ओयारज़ाबल अहम भूमिका निभा सकते हैं.