menu-icon
India Daily

फ्रांस की शानदार जीत, स्वीडन को हराकर वर्ल्ड कप में आगे बढ़ी टीम

France Beats Sweden: फीफा वर्ल्ड कप में फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन को 3-0 से हराकर अगले राउंड में जगह बना ली है.

Shilpa Shrivastava
फ्रांस की शानदार जीत, स्वीडन को हराकर वर्ल्ड कप में आगे बढ़ी टीम
Courtesy: X (@ChinaDaily)

France Beats Sweden: फीफा वर्ल्ड कप में फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन को 3-0 से हराकर अगले राउंड में जगह बना ली है. इस मैच के हीरो किलियन एमबाप्पे रहे, जिन्होंने दो गोल किए और टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई. मैच की शुरुआत से ही फ्रांस का दबदबा देखने को मिला. टीम ने गेंद पर पूरा कंट्रोल रखा और लगातार गोल करने के मौके बनाए. 

फर्स्ट हाफ के आखिर में एमबाप्पे ने बेहतरीन मूव के बाद पहला गोल करके टीम को बढ़त दिलाई. इससे पहले भी फ्रांस दो बार गोल के करीब पहुंचा था, लेकिन गेंद पोस्ट से टकरा गई. सेकेंड हाफ में भी फ्रांस का शानदार खेल जारी रहा. 53वें मिनट में माइकल ओलिसे ने शानदार पास देकर ब्रैडली बारकोला से दूसरा गोल करवाया. इसके बाद ओलिसे ने एक और बेहतरीन असिस्ट दिया, जिस पर एमबाप्पे ने अपना दूसरा गोल दागा और टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी.

एमबाप्पे का शानदार परफॉर्मेंस:

इस मैच में एमबाप्पे का प्रदर्शन बेहद खास रहा. उनके इस वर्ल्ड कप में कुल 6 गोल हो गए हैं, जिससे वह गोल्डन बूट की रेस में लियोनेल मेसी के बराबर पहुंच गए हैं. कुल मिलाकर अब एमबाप्पे के वर्ल्ड कप में 18 गोल हो चुके हैं और वह मेसी के 19 गोल के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं. फ्रांस की टीम हर विभाग में मजबूत नजर आई. ओलिसे और उस्मान डेम्बेले ने भी शानदार खेल दिखाया. वहीं, स्वीडन की टीम के पास अच्छे खिलाड़ी होने के बावजूद वह ज्यादा मौके नहीं बना पाई.

फ्रांस का अगला मुकाबला पराग्वे से:

अब फ्रांस का अगला मुकाबला पराग्वे से होगा. टीम का प्रदर्शन देखकर लग रहा है कि वह इस मैच में भी मजबूत दावेदार होगी. फ्रांस की टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और वर्ल्ड कप जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. अगर टीम इसी तरह खेलती रही, तो आगे आने वाले मैचों में भी जीत की उम्मीद बनी रहेगी.