इंग्लैंड के ओवल मैदान पर खेले गए महिला टी-20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट के इतिहास में आठवीं बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 125 रन बनाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहद आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 13 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम अब अपने सातवें विश्व कप खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है.
टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. शुरुआती ओवरों में कैरेबियाई टीम ने संभलकर खेल दिखाया और पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े. हालांकि इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली. नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और मजबूत शुरुआत के बावजूद वेस्टइंडीज का मध्यक्रम बिखर गया. एक समय टीम का स्कोर 59 रन पर चार विकेट हो गया था. बाद में डींड्रा डॉटिन ने 26 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को 125 रन तक पहुंचाने में मदद की. कप्तान हेले मैथ्यूज ने 30 और शेमाइन कैंपबेल ने 22 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की सफलता की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी. कप्तान सोफी मोलिनक्स, एश्ले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को दबाव में रखा. एनाबेल सदरलैंड ने भी एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया. गेंदबाजों ने रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. यही कारण रहा कि अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद वेस्टइंडीज बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 20 ओवर में सात विकेट पर 125 रन ही बना पाई.
126 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती दो झटके जरूर लगे, लेकिन इसके बाद बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर ने मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया। मूनी ने 36 गेंदों पर 61 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें आठ चौके शामिल रहे. दूसरी ओर गार्डनर ने सिर्फ 20 गेंदों में 35 रन बनाकर तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया. दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई 63 रनों की साझेदारी ने वेस्टइंडीज की उम्मीदों को खत्म कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य 13 ओवर में हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला टी-20 क्रिकेट में उसका दबदबा क्यों कायम है. टीम अब तक छह बार विश्व कप जीत चुकी है और अब सातवें खिताब की दावेदार बनकर फाइनल में उतरेगी. एश्ले गार्डनर को गेंद और बल्ले दोनों से शानदार योगदान देने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने 13 रन देकर दो विकेट लिए और नाबाद 35 रन भी बनाए. फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका या इंग्लैंड में से किसी एक टीम से होगा.