menu-icon
India Daily

88 सालों का इंतजार खत्म... हाफ टाइम में पिछड़कर भी ब्राजील ने दर्ज की जीत, नॉकआउट में कमबैक कर रचा नया रिकॉर्ड

ब्राजील ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में जापान को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई. टीम ने 88 साल बाद नॉकआउट मुकाबले में पिछड़ने के बाद जीत दर्ज करते हुए ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
88 सालों का इंतजार खत्म... हाफ टाइम में पिछड़कर भी ब्राजील ने दर्ज की जीत, नॉकआउट में कमबैक कर रचा नया रिकॉर्ड
Courtesy: X (@brfootball)

फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण में ब्राजील ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर उसका अनुभव और जुझारूपन उसे अलग पहचान दिलाता है. जापान के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में टीम ने शुरुआती झटका झेलने के बाद शानदार वापसी की. अंतिम समय में गैब्रियल मार्टिनेली के निर्णायक गोल ने ब्राजील को 2-1 की जीत दिलाई. इस जीत के साथ पांच बार की विश्व चैंपियन टीम ने राउंड ऑफ 16 में प्रवेश करते हुए कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

शानदार वापसी से जीता मुकाबला

ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में जापान ने पहले हाफ में बढ़त बनाकर ब्राजील पर दबाव बनाया. हालांकि दूसरे हाफ में कैसिमिरो ने बराबरी का गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया. इसके बाद ब्राजील ने लगातार आक्रमण जारी रखा और स्टॉपेज टाइम में गैब्रियल मार्टिनेली ने विजयी गोल कर टीम को अगले दौर में पहुंचा दिया.

88 साल बाद बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस जीत के साथ ब्राजील ने विश्व कप इतिहास का एक लंबा इंतजार खत्म किया. वर्ष 1938 के बाद पहली बार टीम ने नॉकआउट मुकाबले में हाफ टाइम तक पिछड़ने के बावजूद जीत दर्ज की. इस उपलब्धि ने ब्राजील की संघर्ष क्षमता और बड़े मुकाबलों में वापसी करने की परंपरा को फिर से साबित कर दिया.

जर्मनी की बराबरी पर पहुंचा ब्राजील

जापान के खिलाफ जीत केवल अगले दौर का टिकट नहीं थी, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी साथ लाई. विश्व कप इतिहास में यह ब्राजील की 16वीं वापसी वाली जीत रही. इस आंकड़े के साथ उसने जर्मनी की बराबरी कर ली. यह उपलब्धि बताती है कि कठिन परिस्थितियों से निकलकर जीत हासिल करने में ब्राजील दुनिया की सबसे सफल टीमों में शामिल है.

मार्टिनेली बने जीत के सबसे बड़े नायक

गैब्रियल मार्टिनेली ने मुकाबले के आखिरी के समय में गोल कर लाखों ब्राजीलियाई प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया. उनकी शानदार फिनिशिंग ने जापान की उम्मीदों को खत्म कर दिया. विश्व कप से पहले उनकी फॉर्म पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित कर दी.

अब अगले मुकाबले पर नजर

राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के बाद ब्राजील का सामना अब आइवरी कोस्ट या नॉर्वे में से किसी एक टीम से होगा. दोनों टीमें राउंड ऑफ 32 में आमने-सामने हैं. ब्राजील की नजर अब अपने छठे विश्व कप खिताब की ओर बढ़ने पर होगी. टीम चाहेगी कि जीत की यह लय अगले मुकाबलों में भी बरकरार रहे.