menu-icon
India Daily

वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी टॉप-4 टीमें, क्या फिर मेसी और एम्बाप्पे दिखाएंगे अपना जादू?

FIFA World Cup 2026 के सेमीफाइनल में फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और अर्जेंटीना पहुंच गए हैं. यह पहला वर्ल्ड कप है जहां FIFA रैंकिंग की टॉप चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी टॉप-4 टीमें, क्या फिर मेसी और एम्बाप्पे दिखाएंगे अपना जादू?
Courtesy: AI

48 टीमों से शुरू हुए FIFA World Cup 2026 में अब सिर्फ चार टीमें बची हैं. फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना. फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया, स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराया, इंग्लैंड ने नॉर्वे को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराया और अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. यह वर्ल्ड कप 2026 का सबसे रोमांचक और ऐतिहासिक मोड़ है. एक चौंकाने वाली बात ये है कि चारों टीमें फीफा रैंकिंग में टॉप 4 पर हैं.

यूरोप के दो दिग्गज आमने-सामने

फ्रांस लगातार तीसरे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है. क्वार्टरफाइनल में किलियन एमबाप्पे और उस्मान डेम्बेले ने गोल दागकर मोरक्को को 2-0 से हराया. फ्रांस के अटैक में इतनी स्टार पावर है कि अगर उनका बेंच भी मैदान पर उतरे तो वो भी वर्ल्ड कप ट्रॉफी की दावेदारी कर सकते हैं. इस समय किलियन एमबाप्पे 8 गोल के साथ गोल दागने में नंबर 1 पर हैं. उनके साथ वर्ल्ड कप के 'GOAT' मेसी भी 8 गोल के साथ अभी भी वर्ल्ड कप में बने हुए हैं. दूसरी तरफ स्पेन ने इस पूरे टूर्नामेंट में एक गोल ही खाया है. टीम की पासिंग और लमिन यमाल का जादू अगर चला तो फ्रांस को भी घुटने टेंकने पड़ेंगे. उनके सुपर-सब मिकेल मेरिनो दो मैचों में लेट विनर गोल दाग चुके हैं. एमबाप्पे बनाम यमाल का मुकाबला इस सेमीफाइनल की सबसे बड़ी कहानी होगी.

Spain vs France
Spain vs France (X)

'HAND OF GOD' का बदला लेने उतरेगी इंग्लैंड

इंग्लैंड 1966 के बाद से वर्ल्ड कप खिताब का इंतजार कर रहा है और अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतना चाहता है. जूड बेलिंगहम ने क्वार्टरफाइनल में नॉर्वे के खिलाफ दो गोल दाग कर इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. बेलिंगहम अब गोल्डन बूट रेस में छह गोल के साथ शामिल हो गए हैं. कुछ लोगों को इन दोनों देशों के इतिहास के बारे में जानकारी न हो तो बता दें कि 'HAND OF GOD' डिएगो माराडोना के 1986 फीफा वर्ल्ड कप क्वार्टर-फाइनल गोल से इंग्लैंड विश्व कप से बाहर हुआ था. आज भी इंग्लिश फैंस उस गोल को याद कर रोते हैं. ये मैच उनके लिए रिवेंज ऑफ 1986 होगा. दूसरी तरफ जूलियन अल्वारेज ने 112वें मिनट में स्विट्जरलैंड के खिलाफ बॉक्स के बाहर से शानदार गोल दागकर अर्जेंटीना को सेमीफाइनल में पहुंचाया. मेसी के इस टूर्नामेंट में आठ गोल हो चुके हैं. अर्जेंटीना का लगातार दो ट्रॉफी जीतने का सपना अब बहुत करीब है. पूरी टीम मेसी के लिए अपना बेस्ट देनें को तैयार हैं और अपने 'POWER OF FRIENDSHIP' से इंग्लैंड की स्टार पावर को हराने की कोशिश करेगी. वहीं मेसी को रोकने के लिए इंग्लैंड को कोई नया प्लान बनाना होगा.

'HAND OF GOD'
'HAND OF GOD' (X)

सेमीफाइनल का शेड्यूल

दोनों सेमीफाइनल 15 और 16 जुलाई को खेले जाएंगे. पहला सेमीफाइनल फ्रांस बनाम स्पेन 15 जुलाई को 12:30 बजे रात को डलास के एटी एंड टी स्टेडियम में होगा और दूसरा सेमीफाइनल इंग्लैंड बनाम अर्जेंटीना 16 जुलाई को 12:30 बजे रात को अटलांटा के मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों मैचों के विजेता 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में फाइनल में भिड़ेंगे. FIFA की रैंकिंग में फ्रांस नंबर एक, अर्जेंटीना नंबर दो, स्पेन नंबर तीन और इंग्लैंड नंबर चार पर हैं और यही चारों टीमें सेमीफाइनल में हैं.