menu-icon
India Daily

सारी संपत्ति बेचकर भी नहीं खरीद पाएंगे फीफा वर्ल्ड कप फाइनल का टिकट, कीमत पहुंची इतने करोड़!

फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के लिए टिकटों की मांग चरम पर पहुंच गई है. सीमित टिकट उपलब्ध हैं, जबकि रीसेल मार्केट में कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी हैं. सेमीफाइनल मुकाबलों के बीच प्रशंसकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सारी संपत्ति बेचकर भी नहीं खरीद पाएंगे फीफा वर्ल्ड कप फाइनल का टिकट, कीमत पहुंची इतने करोड़!
Courtesy: social media

फीफा फुटबॉल विश्व कप 2026 अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है. सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है और अब दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं. इसी बीच फाइनल के टिकटों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. सीमित टिकट अभी भी उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी कीमतें इतनी ऊंची हैं कि उन्होंने नया रिकॉर्ड बना दिया है.

फाइनल टिकटों की उपलब्धता और कीमत

फीफा के अनुसार फाइनल मुकाबले के लिए अभी करीब 1,246 टिकट उपलब्ध हैं. इनमें सबसे अधिक टिकट ऊपरी स्टैंड वाली कैटेगरी के हैं, जिनकी कीमत 7,380 अमेरिकी डॉलर यानी 7 लाख 3 हजार 500 रुपये रखी गई है. वहीं मैदान के नजदीक स्थित प्रीमियम कैटेगरी-1 की सिर्फ 68 सीटें बची हैं. इन टिकटों की कीमत करीब 19.09 लाख से 31.47 लाख रुपये के बीच है. इसके अलावा हॉस्पिटैलिटी यानी VIP पैकेज भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें ट्रॉफी लाउंज, प्रीमियम भोजन और अन्य विशेष सुविधाएं शामिल हैं. इन VIP टिकटों की कीमत लगभग 31.02 लाख से 32.93 लाख रुपये तक पहुंच रही है.

रीसेल मार्केट में रिकॉर्ड तोड़ दाम

आधिकारिक बिक्री के अलावा फीफा की रीसेल वेबसाइट पर भी फाइनल के टिकट उपलब्ध हैं. यहां टिकटों की कीमत सामान्य बिक्री से काफी अधिक है. रीसेल प्लेटफॉर्म पर टिकटों की शुरुआती कीमत करीब 7.10 लाख है, जबकि सबसे महंगा टिकट लगभग 10.8 करोड़ तक पहुंच गया है. हालांकि क्वार्टरफाइनल में अमेरिका और मेक्सिको के बाहर होने के बाद कुछ मुकाबलों के टिकटों की कीमतों में गिरावट भी देखने को मिली. उदाहरण के तौर पर स्पेन-बेल्जियम और इंग्लैंड-नॉर्वे मैचों के टिकट पहले की तुलना में काफी सस्ते हो गए, जिससे साफ है कि मांग और आपूर्ति का सीधा असर टिकटों के दाम पर पड़ा.

भारत में भी बढ़ा फुटबॉल का उत्साह

विश्व कप के अंतिम चरण को लेकर भारत में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. एक रिपोर्ट के अनुसार देश में लगभग 30 करोड़ लोग फुटबॉल में रुचि रखते हैं. भारतीय दर्शक इस टूर्नामेंट के मुकाबलों का सीधा प्रसारण Zee5 और Unite8 Sports पर देख सकेंगे. जैसे-जैसे फाइनल नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे टिकटों की मांग और कीमत दोनों नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही हैं. अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर विश्व कप की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी.