PAK vs ENG: पाकिस्तान को 171 पर समेटा, फिर रोबिन्सन-टंग ने क्यों किए गेंद के दो टुकड़े? जानकर हो जाएंगे हैरान
हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 171 रन पर समेट दिया. ओली रोबिन्सन और जोश टंग ने पांच-पांच विकेट लिए और अपनी यादगार गेंद को दो हिस्सों में बांट लिया.
इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज जीतने का पाकिस्तान का इंतजार एक बार फिर मुश्किल होता दिख रहा है. हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन मेजबान टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की पहली पारी केवल 171 रन पर रोक दी. ओली रोबिन्सन और जोश टंग पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी परेशानी बने और दोनों ने पांच-पांच विकेट हासिल किए.
हालांकि दोनों की इस उपलब्धि के बाद मैच के मैदान से एक ऐसी घटना सामने आई जिसने सबको हैरान कर दिया है. पाकिस्तान की हाल पस्त करने के बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने गेंद के दो टुकड़े कर दिए. जब यह हुआ तो सब दंग रह गए कि आखिर गेंदबाजों ने ऐसा क्यों किया, लेकिन जब वजह सामने आई तो उसे जान सबने राहत की सांस ली.
दोनों गेंदबाजों ने बांट ली यादगार गेंद
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में पारी के दौरान पांच विकेट लेने वाला गेंदबाज अक्सर उस गेंद को अपने पास यादगार के तौर पर रखता है. लेकिन यहां एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट लिए. इसलिए गेंद को लेकर मजेदार स्थिति बन गई कि गेंद आखिर रखेगा कौन. इस उलझन का रोबिन्सन ने एक अनोखा समाधान निकाला. उन्होंने गेंद को दो हिस्सों में बांटने का फैसला किया, ताकि दोनों खिलाड़ी अपनी उपलब्धि की निशानी अपने पास रख सकें.
Also Read
रोबिन्सन ने खुद बताया किस्सा
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद रोबिन्सन ने इस दिलचस्प फैसले के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने टंग से गेंद को आधा-आधा बांटने की बात कही. उनके मुताबिक, टेस्ट की एक पारी में दो गेंदबाजों का पांच-पांच विकेट लेना आम नहीं है. इसलिए दोनों ने इस खास प्रदर्शन को हमेशा याद रखने के लिए गेंद को बांटने का फैसला किया.
रोबिन्सन और टंग ने खोली पाकिस्तान की पोल
पाकिस्तान की बल्लेबाजी इंग्लैंड के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 171 रन पर सिमट गई. ओली रोबिन्सन ने 18 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट चटकाए. वहीं जोश टंग ने केवल 9.1 ओवर में 46 रन खर्च कर पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. दोनों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आए और 200 रन का आंकड़ा छूने से पहले ही टीम की पारी खत्म हो गई.
इंग्लैंड भी पाकिस्तान से 59 रन पीछे
पाकिस्तान को 171 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट खोकर 112 रन बना लिए. मेजबान टीम अभी पहली पारी में पाकिस्तान से 59 रन पीछे है. जो रूट 37 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि जॉर्डन कॉक्स 23 रन पर उनका साथ दे रहे हैं. पहले दिन के प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड ने मुकाबले पर शुरुआती दबाव बना लिया है.