menu-icon
India Daily

IND vs PAK: हॉकी के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत का दबदबा, पाकिस्तान को 5-3 से रौंदकर नॉकआउट में एंट्री

भारत ने नीदरलैंड्स में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर हॉकी मुकाबला अपने नाम किया. हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया. इस जीत के साथ भारतीय टीम अगले दौर में पहुंच गई.

KanhaiyaaZee
IND vs PAK: हॉकी के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत का दबदबा, पाकिस्तान को 5-3 से रौंदकर नॉकआउट में एंट्री
Courtesy: X

नई दिल्ली: भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है. नीदरलैंड्स में खेले गए मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से शिकस्त दी. भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहले क्वार्टर में दो गोल की बढ़त बना ली. इसके बाद पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा. जीत के साथ भारत ने प्रतियोगिता के अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली.

भारत ने मैच की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की. पांचवें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद 11वें मिनट में अभिषेक ने शानदार गोल किया. पहले क्वार्टर के समाप्त होने तक भारत 2-0 से आगे था और पाकिस्तान की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी.

हरमनप्रीत ने फिर दिखाया कमाल

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपनी पकड़ मजबूत रखी. 20वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया. यह मैच में उनका दूसरा गोल था और भारत की बढ़त 3-0 हो गई. हालांकि, पाकिस्तान ने 22वें मिनट में शाहिद हनान के गोल से खाता खोला और स्कोर 1-3 कर दिया.

दोनों टीमों के बीच बढ़ा रोमांच

पाकिस्तान के गोल के बाद मुकाबला और तेज हो गया. 24वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत को 4-1 की बढ़त दिलाई. इसके तुरंत बाद पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका सुफियान खान ने फायदा उठाया. उनके गोल से पाकिस्तान ने अंतर घटाकर 2-4 कर दिया. इसके बावजूद भारत ने अपना नियंत्रण बनाए रखा.

हार्दिक के गोल से मजबूत हुई बढ़त

तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर आक्रमण तेज किया. 35वें मिनट में हार्दिक सिंह ने गोल दागकर भारतीय टीम की बढ़त 5-2 कर दी. पाकिस्तान को इस क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर का मौका मिला, लेकिन वह इसे गोल में नहीं बदल सका. आखिरी क्वार्टर की शुरुआत में शाहिद हनान ने अपना दूसरा गोल किया और पाकिस्तान ने स्कोर 3-5 कर दिया.

अगले दौर में पहुंची टीम इंडिया

आखिरी मिनटों में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने उसे सफल नहीं होने दिया. भारतीय टीम ने 5-3 से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश कर लिया. भारत पूल डी में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहा. इस जीत के साथ पाकिस्तान के खिलाफ 2016 के बाद से चला आ रहा भारत का अजेय रिकॉर्ड भी कायम रहा.