क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और कभी-कभी हार में भी टीमें अपनी छोटी सी जीत ढूंढ लेती हैं. अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. आईपीएल 2026 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 75 रनों पर ढेर कर दिया. इतनी करारी हार के बावजूद स्टेडियम में बैठे दिल्ली के फैंस ने तालियां बजाईं और राहत की सांस ली. वजह थी आईपीएल इतिहास का सबसे कम स्कोर 49 रन बनाने के शर्मनाक रिकॉर्ड से बच जाना.
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं थी. एक समय ऐसा आया जब दिल्ली ने महज 3.5 ओवर में 8 रन के स्कोर पर अपने 6 अहम विकेट गंवा दिए थे. जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार दिल्ली के बल्लेबाजों पर काल बनकर टूट पड़े थे.
उस वक्त ऐसा लग रहा था कि 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ RCB का 49 रनों पर ऑलआउट होने का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड आज टूट जाएगा. स्टेडियम में सन्नाटा पसरा था और 49 रन का आंकड़ा पहाड़ जैसा लग रहा था.
दिल्ली की डूबती नैया को काइल जेमिसन ने थोड़ा सहारा दिया. 11वें ओवर में जेमिसन ने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर डीप स्क्वायर-लेग पर एक जोरदार छक्का जड़ा और दिल्ली का स्कोर 53/7 पहुंचा दिया. जैसे ही टीम ने 49 का आंकड़ा पार किया, फैंस खुशी से झूम उठे. सोशल मीडिया पर भी DC फैंस ने मजे लेते हुए लिखा कि 'कम से कम 49 का कलंक तो अभी भी RCB के नाम ही दर्ज है.'
49 - RCB बनाम KKR (कोलकाता, 2017)
58 - RR बनाम RCB (केप टाउन, 2009)
59 - RR बनाम RCB (जयपुर, 2023)
66 - Delhi Daredevils बनाम MI (दिल्ली, 2017)
67 - KKR बनाम MI (मुंबई, 2008)
बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दिल्ली का दम घोंट दिया था. भुवनेश्वर ने डेब्यू कर रहे साहिल पारख को पहली ही गेंद पर बोल्ड किया और फिर ट्रिस्टन स्टब्स व कप्तान अक्षर पटेल का शिकार किया. दूसरी ओर, हेजलवुड ने केएल राहुल और समीर रिजवी को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर कमर ही तोड़ दी.
मिडल ऑर्डर में अभिषेक पोरेल ने 30 रनों की जुझारू पारी खेलकर कुछ लाज बचाने की कोशिश की. सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या की कसी हुई गेंदबाजी के बाद, अंत में हेजलवुड ने एक सटीक यॉर्कर पर पोरेल को बोल्ड कर दिल्ली की पारी 16.3 ओवर में 75 रनों पर समेट दी. हेजलवुड ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 विकेट अपने नाम किए.