menu-icon
India Daily

'मुझे भी समझ नहीं आ रहा क्या हो रहा है...', RCB से शर्मनाक हार के बाद अक्षर पटेल रह गए हैरान

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की शर्मनाक हार पर कप्तान अक्षर पटेल हैरान रह गए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'मुझे भी समझ नहीं आ रहा क्या हो रहा है...', RCB से शर्मनाक हार के बाद अक्षर पटेल रह गए हैरान
Courtesy: X

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन किसी रोलरकोस्टर की तरह रहा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों अपने ही घर में मिली करारी और शर्मनाक हार के बाद दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल भी हैरान हैं. महज 75 रनों पर पूरी टीम के ढेर होने के बाद अक्षर ने बेहद ईमानदारी से कबूला कि उन्हें खुद नहीं पता कि बीच टूर्नामेंट में अचानक उनकी टीम की लय कैसे बिगड़ गई है.

लगातार हार से टूटा मनोबल

दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब लगातार दो मुकाबले बेहद बुरी तरह हार चुकी है. इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली ने 264 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था, जिसे IPL इतिहास के सबसे बड़े स्कोर्स में गिना जाता है. पंजाब ने इसे 18.5 ओवर में ही चेज कर लिया. इसके बाद सोमवार को RCB के खिलाफ जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के सामने दिल्ली सिर्फ 75 रनों पर सिमट गई. RCB ने यह मामूली लक्ष्य बच्चों के खेल की तरह महज 6.3 ओवर में हासिल कर लिया.

'अगर-मगर तो चलते रहते हैं, चौकन्ना रहना होगा': अक्षर पटेल

मैच के बाद निराश कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "मुझे भी नहीं पता कि क्या हुआ. क्रिकेट में आपको हमेशा चौकन्ना रहना पड़ता है. हम अगर-मगर के बारे में सोच सकते हैं कि पंजाब के खिलाफ वह एक कैच या गुजरात के खिलाफ वह एक रन हमारी लय बचा सकता था. सच्चाई यही है कि आपको निरंतरता बनाए रखनी होगी. आप IPL जैसे मुश्किल टूर्नामेंट में चीजों को हल्के में नहीं ले सकते. अतीत के बारे में सोचकर आप भविष्य नहीं सुधार सकते."

6 में से 5 मैच हारी दिल्ली

टूर्नामेंट की शुरुआत में लखनऊ और मुंबई को हराकर शानदार आगाज करने वाली दिल्ली अब पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है. पिछले 6 मैचों में यह उनकी 5वीं हार है. पॉइंट्स टेबल में टीम 8 मैचों में 3 जीत के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है.

टीम को पॉजिटिव रहने की सलाह दी

अक्षर ने टीम को पॉजिटिव रहने की सलाह देते हुए कहा, "चाहे आप नेगेटिव हों या पॉजिटिव, आपको खेलना तो है ही. इसलिए पॉजिटिव रहें और हार को पीछे छोड़कर आगे बढ़ें." उन्होंने RCB के वर्ल्ड-क्लास गेंदबाजों की तारीफ की, लेकिन अपने बल्लेबाजों को मुश्किल दौर में क्रीज पर टिकने की नसीहत भी दी.

Topics