क्रिकेट के मैदान पर किंग कोहली के नाम से मशहूर विराट कोहली ने एक बार फिर इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक अहम मुकाबले में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, IPL इतिहास में 9000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले और इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं.
किंग कोहली ने अपना 275वां IPL मैच खेलते हुए पारी के छठे ओवर में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल की आखिरी गेंद पर लॉन्ग-ऑफ की दिशा में एक रन लिया और 9000 रनों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया.
विराट कोहली के इस माइलस्टोन के आस-पास फिलहाल कोई अन्य बल्लेबाज नहीं है. केवल मुंबई इंडियंस के ओपनर रोहित शर्मा ही इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 7000 रनों का आंकड़ा पार किया है.
इस मैच में सिर्फ कोहली का बल्ला ही नहीं बोला, बल्कि RCB के गेंदबाजों ने भी कहर बरपा दिया. पहले गेंदबाजी का न्योता मिलने के बाद बेंगलुरु के पेसर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन के सबसे न्यूनतम स्कोर महज 75 रनों पर समेट दिया.
दिल्ली की शुरुआत इतनी खौफनाक रही कि चौथे ओवर में ही महज 8 रन के स्कोर पर उनकी आधी से ज्यादा टीम (6 विकेट) पवेलियन लौट चुकी थी. RCB के लिए तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने घातक गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट चटकाए. रासिक सलाम डार और सुयश शर्मा को भी 1-1 सफलता मिली.