कोलकाता: IPL 2026 का रोमांच और बढ़ता जा रहा है. टूर्नामेंट के मुकाबले दिन प्रतिदिन और रोचक होते जा रहे हैं. बीती शाम एक ऐसा ही रोचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें केकेआर ने 4 विकेट से बाजी मारी. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने कुछ पल के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों और फैंस को पूरी तरह हैरान कर दिया.
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मैच में मुंबई की फील्डिंग में हुई एक बड़ी गलती सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. एक आसान कैच छोड़ने की वजह से मैच का रुख पूरी तरह से बदल गया और KKR को मुकाबले में वापसी का मौका मिल गया.
दरअसल, मैच के 10वें ओवर में कोलकाता की टीम दबाव में नजर आ रही थी. उस समय रोवमैन पॉवेल बल्लेबाजी कर रहे थे और मुंबई के गेंदबाज ने उन्हें फंसाने का शानदार मौका बना दिया. गेंद डीप स्क्वायर लेग की ओर गई, जहां कैच आसान दिखाई दे रहा था. दीपक चाहर और रॉबिन मिंज दोनों गेंद की तरफ दौड़े, लेकिन आखिरी समय में दोनों के बीच तालमेल की कमी साफ दिखाई दी और कोई भी खिलाड़ी कैच पकड़ नहीं सका. गेंद दोनों खिलाड़ियों के बीच गिर गई और पॉवेल को जीवनदान मिल गया.
Deepak Chahar called for that catch and leaves it 😭😭
Look at the reaction of Robin Minz 😂 nowadays if ball goes up, drama unfolds 😭😂🤯
pic.twitter.com/ek0VEtGbLb
— ‘HK’ (@potter_here18) May 21, 2026
फील्डर्स की इस गलती के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या काफी निराश दिखाई दिए. वह इतने निराश और खराब फील्डिंग से शर्मशार थे कि कैमरे में उन्हें अपनी जर्सी से चेहरा ढंकते हुए देखा गया. क्रिकेट फैंस ने इस घटना की तुलना 2018 में पाकिस्तान के खिलाड़ियों द्वारा छोड़े गए एक फेमस कैच से कर डाली.
जीवनदान मिलने के बाद रोवमैन पॉवेल ने आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम के लिए अहम रन जोड़े. उन्होंने 30 गेंदों में 40 रन बनाए और मनीष पांडे के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर KKR को मैच में मजबूत स्थिति तक पहुंचाया. एक समय कोलकाता की टीम 54 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन इस साझेदारी ने मुकाबले का पूरा समीकरण बदल दिया.