CSK vs DC: ट्रिस्टन स्टब्स के विकेट के बाद मचा बवाल! ग्लव्स पलटा मैच का नतीजा, अंपायर से भिड़े डीसी के खिलाड़ी और कोच

दिल्ली और चेन्नई मैच के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया जहां पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी नितीश राणा और टीम के कोच हेमांग बदानी अंपायर से बहस करते नजर आए. 

X (@ramgaming242)
Meenu Singh

चेन्नई: IPL 2026 में हार की हैट्रिक के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने अंततः जीत का स्वाद चख ही लिया. टीम ने इस संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की. हालांकि दिल्ली और चेन्नई के इस मैच के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया जहां पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी नितीश राणा और टीम के कोच हेमांग बदानी अंपायर से बहस करते नजर आए. 

दरअसल, टीवी फुटेज में दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमांग बदानी, बल्लेबाज नितीश राणा और करुण नायर को अंपायरों से बहस करते देखा गया. कमेंट्री के दौरान फाफ डु प्लेसिस ने खुलासा किया कि विवाद की वजह ट्रिस्टन स्टब्स को ग्लव्स बदलने की अनुमति न मिलना था.

ग्लव्स बदलने को लेकर बढ़ा विवाद

गौरतलब है कि कल दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच काफी रोमांचक मैच खेला गया. मैच में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी के दौरान स्टब्स ने आखिरी ओवर में अपने दस्ताने बदलने की अनुमति मांगी, लेकिन चौथे अंपायर ने इसे अस्वीकार कर दिया और इसके बाद अगली ही गेंद पर स्टब्स आउट हो गए. 

इस फैसले से दिल्ली कैंप नाराज हो गया और मैदान के बाहर तीखी बहस देखने को मिली. अब ये घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है.

आखिरी ओवर में बदला मैच का रुख

मैच का ये फैसला निर्णायक बन गया, क्योंकि इसके तुरंत बाद ही स्टब्स आउट हो गए. जिसके दिल्ली की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा. उस समय टीम को 10 गेंदों में 29 रन की जरूरत थी और स्टब्स क्रीज पर सेट हो चुके थे शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे. 

इस दौरान ट्रिस्टन स्टब्स ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 60 रन बनाकर दिल्ली की जीत की उम्मीद जिंदा रखी थी. हालांकि अंत में परिणाम कुछ और ही रहा. 

चेन्नई के गेंदबाजों ने पलटा मैच

कल चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार तीन मैच के बाद पहली जीत का स्वाद चखा. बल्लेबाजी के बाद सीएसके के गेंदबाजों ने बाद में अपना काम किया और मैच को अपने पाले में लिया. सीएसके के गेंदबाजों ने पथुम निस्संका को पवेलियन लौटाया जिसके बाद से मैच सीएसके की ओर धीरे-धीरे झुकने लगा.

6.1 ओवर में सीएसके ने डीसी के तीन विकेट चटका दिए थे. अंत में सीएसके ने 20 ओवर में 189 रनों पर पूरी टीम को चलता किया और मैच को 23 रनों से अपने नाम किया.