फुटबॉल की दुनिया के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब अपनी निजी जिंदगी के नए चैप्टर में प्रवेश कर चुके हैं. पुर्तगाल के कास्केस में उन्होंने लंबे समय की साथी जॉर्जीना रोड्रिगेज के साथ शादी कर ली. करीब एक दशक से भी ज्यादा समय तक साथ रहने और डेट करने के बाद दोनों ने यह फैसला किया. दोनों ने अपनी शादी के बहुत ही निजी रखा. शादी की पुष्टि रोनाल्डो और जॉर्जीना ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की अंगूठियों की तस्वीरें साझा करके की.
रिपोर्ट के मुताबिक, शादी मंगलवार 11 अगस्त को लिस्बन के पश्चिम में स्थित कास्केस में हुई. समारोह में रोनाल्डो और जॉर्जीना के पांच बच्चे भी मौजूद रहे. कार्यक्रम को परिवार तक सीमित रखा गया. शाम को रोनाल्डो ने अपनी अंगूठी वाली तस्वीर साझा की, जबकि जॉर्जीना ने भी शादी से जुड़ी तस्वीर पोस्ट की. दोनों ने इस खास मौके को भव्य आयोजन के बजाय निजी पारिवारिक समारोह के रूप में मनाया.
रोनाल्डो और जॉर्जीना की मुलाकात मैड्रिड में हुई थी. उस समय जॉर्जीना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं. इसके बाद दोनों का रिश्ता आगे बढ़ा और अगले साल उन्होंने इसे सार्वजनिक किया. 2017 में उनकी बेटी अलाना मार्टिना का जन्म हुआ. 2022 में बेटी बेला एस्मेराल्डा दुनिया में आई. इससे पहले जन्मे उनके बेटे एंजेल का कुछ समय बाद निधन हो गया था.
इस जोड़े ने अगस्त 2025 में सोशल मीडिया के जरिए अपनी सगाई की घोषणा की थी. जॉर्जीना ने उस समय बड़ी हीरे की अंगूठी की तस्वीर साझा की थी. इसके लगभग एक साल बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए. लंबे समय से साथ रहने के कारण रोनाल्डो और जॉर्जीना की जोड़ी दुनिया भर में काफी चर्चित रही है. शादी के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से नया पड़ाव दिया.
रोनाल्डो की निजी जिंदगी में यह बड़ा बदलाव ऐसे समय आया है, जब वह अल नासर के साथ नए सत्र की तैयारी कर रहे हैं. सऊदी प्रो लीग का 2026 27 अभियान भी शुरू होने वाला है. मैदान पर रोनाल्डो की सक्रियता बरकरार है. वह पुर्तगाल के कप्तान हैं और 2006 से हर विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
रोनाल्डो ने स्पोर्टिंग, मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, जुवेंटस और अल नासर के लिए खेलते हुए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. क्लब और देश के लिए उनके गोलों की संख्या 950 से अधिक हो चुकी है. अब उनके करियर की अगली बड़ी उपलब्धि 1000 गोल का आंकड़ा छूना है. शादी के बाद भी उनकी नजर मैदान पर इसी ऐतिहासिक लक्ष्य को हासिल करने पर रहेगी.