अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में रोमांचक जीत दर्ज कर 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपना सीधा टिकट पक्का कर लिया. 207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम एक समय मुश्किल में थी लेकिन राशिद खान ने धैर्य दिखाया और नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई.
अफ़गानिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड को 8 विकेट पर 128 रन तक रोक दिया था. इसके बाद गैविन होए और जय मूंद्रा ने नौवें विकेट के लिए 76 रन जोड़कर टीम को 206 रन तक पहुंचाया. होए ने 36 और मूंद्रा ने 31 रन बनाए. अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि एएम गजनफर ने भी तीन विकेट झटके. नौवें विकेट की यह साझेदारी आयरलैंड के लिए वनडे में रिकॉर्ड रही.
207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने अच्छी शुरुआत की और रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपना आठवां वनडे अर्धशतक पूरा किया. एक समय टीम 2 विकेट पर 97 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी लेकिन इसके बाद विकेट लगातार गिरने लगे. गैविन होए ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और अफगानिस्तान को 7 विकेट पर 176 रन तक पहुंचा दिया. उस समय टीम को जीत के लिए 31 रन और चाहिए थे. हालांकि राशिद ने जल्दबाजी नहीं की और यामीन अहमदजई के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया.
राशिद 43 गेंदों पर 37 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें चार चौके शामिल थे. यामीन ने 26 गेंदों पर चार रन बनाए और दोनों ने मिलकर अफगानिस्तान को 44.5 ओवर में 207 रन तक पहुंचा दिया. राशिद ने आखिरी ओवरों में तेजी दिखाई और हैरी टेक्टर की गेंद पर दो रन लेकर टीम की जीत पक्की की. इस जीत के साथ अफ़गानिस्तान लगातार चौथी बार वनडे वर्ल्ड कप में खेलेगा. 2027 वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ़्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे.