T20 World Cup 2026

सीके नायडू ट्रॉफी के फाइनल में बिहार ने दिखाया दम, नागालैंड को एक पारी और 164 रनों से हराकर जीता खिताब

सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप में बिहार ने नागालैंड के खिलाफ मुकाबला जीतते हुए ट्रॉफी अपने नाम किया है. सूरज कश्यप को मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया.

Social Media
Shanu Sharma

पटना के मोईनुल हक स्टेडियम में आज 8 फरवरी को सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का फाइनल मुकाबला खेला गया. बिहार क्रिकेट टीम ने नागालैंड को एक पारी और 164 रनों से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया. यह जीत बिहार क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि इस सत्र में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां हासिल की हैं.

मुकाबले में बिहार ने टॉस जीतकर कप्तान सूरज कश्यप ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि इस पूरे मुकाबले के दौरान बिहार की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ने सामने वाली टीम पर दबाव बनाए रखी. पहली पारी में बिहार ने 482 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. 

पहली पारी से नागालैंड पर दबाव 

नागालैंड टीम पहली पारी महज 155 रनों पर सिमट गई. दूसरी पारी में भी नागालैंड संघर्ष करती नजर आई और वह 163 रन ही बना सकी. इस तरह बिहार ने एक पारी और 164 रनों से भारी जीत दर्ज की. कप्तान सूरज कश्यप ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने मैच के बाद कहा कि हमारी टीम ने पहली पारी से ही मजबूत पकड़ बनाने की रणनीति पर काम किया और इसे पूरी तरह सफल बनाया. पूरी टीम की मेहनत और एकजुटता से यह सफलता मिली है.

कौन बना मैन ऑफ द सीरीज? 

सूरज ने इस सीके नायडू ट्रॉफी में कुल 31 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी प्रदान किया गया. सूरज कश्यप का प्रदर्शन इस सत्र में लगातार शानदार रहा है. रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए उन्होंने 11 विकेट झटके और 280 रन भी बनाए. विजय हजारे ट्रॉफी में 12 और मुस्ताक अली ट्रॉफी में 8 विकेट लिए. उनकी ऑलराउंड क्षमता ने टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.

सीके नायडू ट्रॉफी बिहार के लिए इस सत्र की तीसरी ट्रॉफी है. टीम ने सभी फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन किया है. रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का खिताब जीतकर एलीट में एंट्री, विजय हजारे में फाइनल में चैंपियन बनना और अब सीके नायडू ट्रॉफी का खिताब भी अपने नाम किया है. ये सब बिहार क्रिकेट के उभरते हुए स्तर को दर्शाते हैं.