मुंबई: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के बीच टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की. अमेरिकी की कसी हुई गेंदबाजी के सामने शुरुआत में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ा गई और एक समय टीम इंडिया ने सिर्फ 77 रन के स्कोर पर अपने 6 अहम विकेट गंवा दिए थे.
ऐसा लग रहा था कि भारत एक बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाएगा, लेकिन इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया.
सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभालते हुए बेहद संयम और आक्रामकता के सही संतुलन के साथ बल्लेबाजी की. उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन तक पहुंचने में सफल रही. मुश्किल हालात में खेली गई सूर्या की यह पारी भारत के लिए किसी वरदान से कम नहीं रही और टीम को मुकाबले में लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
इस शानदार पारी के साथ सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली. वह टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ओर से कप्तान के रूप में एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस मामले में वह सिर्फ रोहित शर्मा से पीछे रह गए. रोहित शर्मा के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज है, जिन्होंने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन की शानदार पारी खेली थी. सूर्यकुमार यादव रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने से बस कुछ रन दूर रह गए.
सूर्या की इस पारी के चलते पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली भी इस सूची में एक पायदान नीचे खिसक गए. इससे पहले विराट कोहली दूसरे स्थान पर थे, जिन्होंने साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 57 रन बनाए थे. अब सूर्यकुमार यादव 84 रन की पारी के साथ उनसे आगे निकल चुके हैं. इस लिस्ट में चौथे स्थान पर एमएस धोनी का नाम है, जिन्होंने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 45 रन बनाए थे.
सूर्यकुमार यादव ने अपनी इस पारी के दम पर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के रूप में डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस रिकॉर्ड में उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को भी पीछे छोड़ दिया है. बाबर आजम ने कप्तान के रूप में अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच 68 रन बनाए थे. इस सूची में पहले स्थान पर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 88 रन की विस्फोटक पारी खेली थी.