menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: अमेरिका के खिलाफ ऐतिहासिक बनीं भारत की जीत, साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड किया ध्वस्त

टी20 विश्व कप में भारत ने जीत के साथ आगाज किया. भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार मुकाबले जीतने के मामले में साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: अमेरिका के खिलाफ ऐतिहासिक बनीं भारत की जीत, साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
Courtesy: x

मुंबई: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत शानदार अंदाज में की है. ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को 29 रनों से हराकर जीत के साथ आगाज किया. यह मुकाबला भारतीय टीम के आत्मविश्वास और संतुलित प्रदर्शन का बेहतरीन उदाहरण रहा.

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार मुकाबले जीतने के मामले में साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. भारतीय टीम की ये टूर्नामेंट में लगातार 9वीं जीत है, जबकि पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम पर था, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 8 मैच जीते थे.

भारत की खराब शुरूआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत बेहद खराब रही. शुरुआती ओवरों में टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए. एक समय टीम इंडिया काफी दबाव में थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की. सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें समझदारी और आक्रामकता दोनों देखने को मिली. उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाने में सफल रही. 

सिराज की शानदार गेंदबाजी

161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. दूसरे ओवर में ही अमेरिका को पहला झटका लगा, जब मोहम्मद सिराज ने एंड्रीस गौस को सिर्फ 6 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. इसके बाद यूएसए की मुश्किलें और बढ़ गई, जब कप्तान मोनांक पटेल और सैतेजा मुक्कमल्ला भी जल्दी पवेलियन लौट गए. महज 13 रन के स्कोर पर तीन विकेट गिरने से यूएसए की टीम दबाव में आ गई.

चौथे विकेट के लिए 58 रनों की अहम साझेदारी

इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों बल्लेबाजों ने समझदारी से खेलते हुए रन बटोरने शुरू किए और शुरुआती 6 ओवरों में टीम का स्कोर 31 रन तक पहुंचाया. इसके बाद इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 58 रनों की अहम साझेदारी भी देखने को मिली, जिससे यूएसए की टीम ने मैच में वापसी करने की कोशिश की. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने सही समय पर विकेट निकालकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी.

भारत ने जीत से किया आगाज

भारतीय टीम की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया. इन गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाकर यूएसए के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 132 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रनों से जीत लिया.