'नारी शक्ति से किया वादा पूरा करेंगे', महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आरक्षण के रास्ते की हर बाधा दूर करेगी.

Pinterest
Km Jaya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया है कि सरकार इसके रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की आवाज और संसद तथा विधानसभाओं में उनकी भागीदारी को कोई भी विपक्ष लंबे समय तक नहीं रोक सकता. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सरकार महिलाओं से किए गए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार का मनोबल ऊंचा है, हौसला अटूट है और संकल्प मजबूत है.

प्रधानमंत्री का यह बयान संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पेश किए जाने की तैयारी के बीच आया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित भागीदारी दिलाने का संघर्ष कई दशकों से चल रहा है. वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं. पीएम मोदी के मुताबिक, देश की कई महिलाओं ने उनसे मुलाकात करके और पत्र लिखकर इस मुद्दे को उठाया है.


पीएम मोदी ने और क्या कहा?

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, "मैं देश की हर महिला को भरोसा दिलाता हूं कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को हम खत्म करेंगे. हमारा मनोबल ऊंचा है, हमारा हौसला अटूट है और हमारा संकल्प मजबूत है." उन्होंने आगे कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दल देश की महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में अधिक भागीदारी हासिल करने से नहीं रोक पाएंगे. अब यह केवल समय की बात है.

लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव

महिला आरक्षण को लागू करने के लिए केंद्र सरकार चुनावी प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करने की बात कही गई है. वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही लोकसभा और विधानसभा की मौजूदा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है. 

तीन विधेयकों के जरिए बदलेगी चुनावी व्यवस्था

सरकार के प्रस्तावित विधायी पैकेज में दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल हैं. इनमें संविधान का 132वां संशोधन विधेयक परिसीमन और महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़ा है. प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा सीटों के राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात को 2051 तक सुरक्षित रखने की बात कही गई है. वहीं, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है. 

सरकार का लक्ष्य परिसीमन की नई प्रक्रिया के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई यानी 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का है. इस बदलाव के तहत 2027 की जनगणना का इंतजार किए बिना महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की जा रही है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है, जिसमें इन प्रस्तावों पर चर्चा और विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है.