CSK vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से करारी शिकस्त दी है. इस जीत के साथ ही रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली चेन्नई ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली है. वहीं, अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन में अब तक जीत का खाता नहीं खुल सका है.
मुकाबले में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK की शुरुआत तेज रही, लेकिन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ सस्ते में पवेलियन लौट गए. इसके बाद युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने जिम्मेदारी उठाते हुए 38 रनों की अहम पारी खेली.
क्रीज पर आए विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन शानदार लय में दिख रहे थे और 32 गेंदों में 38 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन KKR के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 148.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक ऐसी आग उगलती गेंद डाली, जिस पर संजू पूरी तरह चकमा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए. आखिर में सरफराज खान और डेवाल्ड ब्रेविस ने कुछ तेज शॉट्स खेलकर पारी को संभाला और टीम के स्कोर को 192 रनों तक पहुंचाया, हालांकि वे 200 का जादुई आंकड़ा नहीं छू सके.
KKR की गेंदबाजी की बात करें तो कार्तिक त्यागी टीम के लिए सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने 4 ओवर के अपने कोटे में 35 रन देकर संजू सैमसन और ब्रेविस के 2 बड़े विकेट झटके. अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 1 विकेट निकाला. अनुकूल रॉय भी किफायती रहे. हालांकि, वैभव अरोड़ा काफी महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 55 रन लुटाकर केवल 1 विकेट हासिल कर सके. कैमरून ग्रीन ने भी 2 ओवर में 15 की इकोनॉमी से 30 रन खर्च किए.
193 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR की टीम शुरू से ही दबाव में दिखी और निर्धारित ओवरों में लक्ष्य से 32 रन दूर रह गई. यह कोलकाता की इस टूर्नामेंट में एक और बड़ी हार है, जिससे टीम के मनोबल को भारी ठेस पहुंची है.
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद.
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी.