जीत के बाद बेकाबू हुए मैथियस कुन्हा! जापान को हराने के बाद किया विवादित जश्न, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
ब्राजील की जापान पर रोमांचक जीत के बाद मैथियस कुन्हा का जश्न विवादों में आ गया. उन्होंने जीत के बाद कुछ ऐसा किया जिसके बाद अब उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट मुकाबले में ब्राजील ने जापान को आखिरी के कुछ मिनट में हराकर अगले दौर में जगह बना ली. हालांकि जीत से ज्यादा चर्चा ब्राजील के फॉरवर्ड मैथियस कुन्हा के एक इशारे की हो रही है. मैच खत्म होने के बाद उनका जश्न सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बन गया. कई लोगों ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया, जबकि कुन्हा ने बाद में अपने व्यवहार को सही ठहराया हुए कहा कि उनका मकसद केवल अपनी राष्ट्रीय टीम का सम्मान दिखाना था.
विवाद की वजह बना जश्न
जापान के खिलाफ जीत के बाद मैथियस कुन्हा ने अपनी जर्सी पर बने ब्राजील के प्रतीक चिन्ह की ओर इशारा किया और हाथ उठाकर जश्न मनाया. माना गया कि उनका ये रिएक्शन जापान के केंटो शिओगाई के उस बयान के जवाब में थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि ब्राजील अब फुटबॉल की सुपरपावर नहीं रह गया है.
कुन्हा ने दी अपनी सफाई
मैच के बाद कुन्हा ने सोशल मीडिया और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उनका इशारा किसी खिलाड़ी का अपमान करने के लिए नहीं था. उन्होंने कहा कि ब्राजील की जर्सी का अपना इतिहास और सम्मान है. उनके अनुसार, इस जर्सी को पहनने वाले खिलाड़ियों ने सालों तक देश का नाम रोशन किया है और उसी सम्मान की रक्षा करना उनका उद्देश्य था.
Also Read
सोशल मीडिया पर बढ़ी बहस
कुन्हा ने इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट साझा करते हुए अपनी टीम की जीत का जश्न मनाया. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि अब विरोधी ब्राजील को बेहतर तरीके से समझ गए होंगे. इन पोस्टों के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. कुछ लोगों ने उनके रवैये की आलोचना की, जबकि कई प्रशंसकों ने उनका समर्थन भी किया.
मैदान पर दिखा दूसरा चेहरा
विवाद के बीच कुन्हा का मानवीय पक्ष भी सामने आया. मैच खत्म होने के बाद वह निराश जापानी मिडफील्डर आओ तनाका को सांत्वना देते दिखे. हार के बाद तनाका भावुक हो गए थे. कुन्हा का यह व्यवहार कई फैंस के दिल छू गया है और लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
मार्टिनेली बने जीत के नायक
ब्राजील की जीत में निर्णायक भूमिका गैब्रियल मार्टिनेली ने निभाई. उन्होंने अंतिम क्षणों में विजयी गोल कर टीम को राउंड ऑफ 16 में पहुंचाया. विश्व कप से पहले उनकी फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आलोचकों को जवाब दिया और ब्राजील की उम्मीदों को आगे बढ़ाया.