menu-icon
India Daily

'भूल गए, हमारे समर्थन से पहुंचे थे राज्यसभा', परिसीमन बिल पर कांग्रेस ने शरद पवार को घेरा

परिसीमन बिल का समर्थन करने के NCP-SP के फैसले से महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन MVA में मतभेद उभर आए हैं. कांग्रेस ने शरद पवार को राज्यसभा चुनाव में दिए समर्थन की याद दिलाई.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'भूल गए, हमारे समर्थन से पहुंचे थे राज्यसभा', परिसीमन बिल पर कांग्रेस ने शरद पवार को घेरा
Courtesy: ANI

महाराष्ट्र में प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन में नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP के रुख पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने पार्टी प्रमुख शरद पवार और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में वरिष्ठ नेता को दोबारा उच्च सदन भेजने के लिए कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था. इसके बावजूद अब NCP-SP केंद्र की बीजेपी सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने जा रही है.

कांग्रेस ने राहुल गांधी और खड़गे का भी किया जिक्र

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की. पार्टी ने कहा कि जब 85 साल की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने की बात आई थी, तब कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रही थी.

कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम में राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भूमिका का भी जिक्र किया. पार्टी का कहना है कि दोनों वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था. कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी ने पवार की राज्यसभा वापसी के लिए अपनी सीट छोड़ दी, वही NCP-SP अब बीजेपी सरकार के प्रस्ताव का साथ क्यों दे रही है?

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने छोड़ा था अपना दावा

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने पोस्ट में मार्च 2026 के राज्यसभा चुनाव का गणित भी बताया. पार्टी के मुताबिक, महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था. उस समय NCP-SP के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी.

कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे. ऐसे में शरद पवार की जीत के लिए कांग्रेस और शिवसेना (UBT) का समर्थन बेहद महत्वपूर्ण था.

सुप्रिया सुले ने मांगा था कांग्रेस नेताओं का समर्थन

महाराष्ट्र कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की उम्मीदवारी के समर्थन के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया था. इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिना किसी हिचकिचाहट के समर्थन देने पर सहमति जताई.

कांग्रेस ने अपनी राज्यसभा सीट पर दावा छोड़ दिया और शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया. इसके बाद शिवसेना (UBT) ने भी उनका साथ दिया. इस तरह महाविकास अघाड़ी (MVA) ने सर्वसम्मति से शरद पवार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का फैसला किया था.

अब कांग्रेस ने इसी घटनाक्रम का हवाला देते हुए कहा है कि जिस शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी को विपक्षी सहयोगियों का समर्थन मिला था, वे अब बीजेपी सरकार के परिसीमन कानून का समर्थन करने जा रहे हैं.

आखिर परिसीमन बिल का समर्थन क्यों कर रही NCP-SP?

महाराष्ट्र कांग्रेस की नाराजगी के पीछे NCP-SP नेता जितेंद्र आव्हाड का बयान है. उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी. आव्हाड के मुताबिक, इस मुद्दे पर शरद पवार से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन केवल राजनीतिक दलों का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह एक संवैधानिक आवश्यकता है. इसलिए उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी.

आव्हाड के इस बयान ने महाविकास अघाड़ी के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है. कांग्रेस जहां केंद्र सरकार के प्रस्ताव को लेकर सवाल उठा रही है, वहीं NCP-SP इसे संवैधानिक प्रक्रिया बता रही है. इससे विपक्षी गठबंधन में परिसीमन के मुद्दे पर मतभेद सामने आ गए हैं.

परिसीमन से लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 850 करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित परिसीमन कानून के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की योजना है. इसमें राज्यों के लिए 815 सीटें और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं. इस प्रस्ताव ने देशभर में राजनीतिक बहस छेड़ दी है. परिसीमन के जरिए लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं और राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व में बदलाव हो सकता है. ऐसे में अलग-अलग राज्यों की संसद में हिस्सेदारी पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह राजनीतिक दलों के बीच चिंता और चर्चा का विषय बना हुआ है.

30 नवंबर से फिर शुरू होगा संसद का कामकाज

परिसीमन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी ऐसे समय हो रही है, जब संसद का अगला सत्र शुरू होने वाला है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया है कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है, ताकि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जा सके. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा 2 दिसंबर से फिर बैठेगी. ऐसे में परिसीमन का मुद्दा संसद में भी राजनीतिक टकराव का कारण बन सकता है.