menu-icon
India Daily

BCCI ने जारी किया  IPL 2026 के शुरुआती 16 दिनों का शेड्यूल, ओपनर में भिड़ेंगे RCB और SRH

बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के पहले 16 दिनों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी और हैदराबाद के बीच होगा. इस बार धोनी और जडेजा अलग टीमों में दिखेंगे.

KanhaiyaaZee
BCCI ने जारी किया  IPL 2026 के शुरुआती 16 दिनों का शेड्यूल, ओपनर में भिड़ेंगे RCB और SRH
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: क्रिकेट प्रशंसकों के लिए लंबे इंतजार के बाद खुशखबरी आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को आईपीएल 2026 के शुरुआती 16 दिनों के आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान कर दिया. इस बार का सीजन कई ऐतिहासिक बदलावों और बड़े सितारों की वापसी का गवाह बनेगा. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन मैच में विराट कोहली की कप्तानी वाली गत चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत होगी. चुनावों के कारण देरी से आया यह शेड्यूल काफी संतुलित नजर आ रहा है.

इस सीजन की सबसे बड़ी खबर विराट कोहली और पैट कमिंस जैसे बड़े खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी है. कोहली पिछली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में दिखे थे, जबकि पैट कमिंस दिसंबर 2025 में एशेज टेस्ट के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे. टूर्नामेंट के दूसरे दिन 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला होगा. शुरुआती दो दिनों में कोई डबल-हेडर मैच नहीं रखा गया है ताकि रोमांच बना रहे.

सीएसके का नया स्वरूप और संजू का आगाज 

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का अभियान 30 मार्च को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुरू होगा. इस साल क्रिकेट प्रेमियों को वर्षों बाद एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा एक ही टीम में नजर नहीं आएंगे, क्योंकि जडेजा को पिछले साल राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड किया गया था. वहीं संजू सैमसन पहली बार पीली जर्सी यानी सीएसके के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे.

अन्य प्रमुख मुकाबले और मार्की मैच 

शेड्यूल के अनुसार, पिछले साल की फाइनलिस्ट पंजाब किंग्स 31 मार्च को मुल्लांपुर में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी. लखनऊ सुपर जायंट्स का पहला मैच 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के साथ होगा. इस सीजन के दो सबसे चर्चित मैच 'आरसीबी बनाम सीएसके' 5 अप्रैल को और 'मुंबई इंडियंस बनाम आरसीबी' 12 अप्रैल को खेले जाएंगे. शुरुआती 16 दिनों के पहले चरण में केवल चार दिन ऐसे हैं, जब एक ही दिन में दो मुकाबले (डबल-हेडर) आयोजित किए जाएंगे.

चुनावों के चलते कार्यक्रम में देरी 

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने बताया कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में आगामी विधानसभा चुनावों के कारण कार्यक्रम तय करने में देरी हुई. फिलहाल केवल पहले 16 दिनों का ही खाका तैयार किया गया है, ताकि सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रहे. चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीखों की घोषणा के बाद ही टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से का कार्यक्रम जारी किया जाएगा. बोर्ड स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही बाकी मैचों की विस्तृत जानकारी भी साझा करेगा.