Sports News: टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी जश्न के बीच भारतीय बल्लेबाजों ने ICC की नई T20I रैंकिंग में भी धमाल मचा दिया है. टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन ने अपने करियर की सबसे ऊंची छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. वहीं संजू सैमसन ने 18 पायदान की शानदार छलांग लगाते हुए सुर्खियां बटोरी हैं.
ICC T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन 871 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वह अब अपने ही साथी अभिषेक शर्मा 875 अंक से सिर्फ चार अंक पीछे हैं, जो इस समय T20I बल्लेबाजों की सूची में टॉप पर बैठे हुए हैं. किशन ने वर्ल्ड कप में जबरदस्त फॉर्म दिखाते हुए नौ पारियों में 317 रन बनाए थे, जिसमें पाकिस्तान, नामीबिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक शामिल रहे. उनकी इन ताबतोड़ पारियों ने भारत को खिताबी जीत की राह पर आगे बढ़ाया.
हालांकि, सबसे चर्चित नाम रहे संजू सैमसन. केरल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने मौका मिलते ही दोनों हाथों से लपक लिया. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार पारियां खेलने वाले सैमसन ने रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाकर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है. अब वह 637 अंकों के साथ 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में बेंच पर बैठे सैमसन ने ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिले मौके को सोने में बदल दिया. उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार पारियों में उन्होंने दो अर्धशतक और 97 रन की नाबाद पारी खेलकर साबित कर दिया कि दबाव में वे कितने घातक साबित हो सकते हैं.
इस बीच, ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है. वह चार पायदान चढ़कर 27वें नंबर पर आ गए हैं. वहीं टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 383 रन बनाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान एक स्थान फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गए.
टॉप-20 में टीम इंडिया का दबदबा देखते ही बनता है. अभिषेक शर्मा (पहले), ईशान किशन (दूसरे), तिलक वर्मा (सातवें) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (नौवें) के अलावा हार्दिक पंड्या और रवींद्र जडेजा भी ऑलराउंडर की सूची में टॉप पर बने हुए हैं. घरेलू मैदान पर पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इस भारतीय टीम के लिए ये रैंकिंग किसी ताज से कम नहीं हैं.