BAN vs PAK: नाहिद के पंच से ध्वस्त हुई पाकिस्तानी बल्लेबाजी, शर्मनाक रिकॉर्ड बनाकर करा ली इंटरनेशनल बेइज्जती

बांग्लादेश की जीत में तेज गेंदबाज नाहिद राणा का अहम योगदान रहा. उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट झटके. उनके घातक स्पेल ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.

x
Anuj

नई दिल्ली: ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को एकतरफा मात दी. मेजबान टीम ने यह मैच 8 विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 114 रन ही बना सकी. इसके जवाब में बांग्लादेश ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया और 91 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.

नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी

बांग्लादेश की जीत में तेज गेंदबाज नाहिद राणा का अहम योगदान रहा. उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 5 विकेट झटके. उनके घातक स्पेल ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. नाहिद राणा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इसके अलावा मेहदी हसन मिराज ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए. 

तमीम का दमदार अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने आत्मविश्वास के साथ खेल दिखाया. तंजिद हसन तमीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए. उनकी पारी में कई शानदार चौके और छक्के शामिल रहे. नजमुल हुसैन शांतो ने भी 27 रन की उपयोगी पारी खेली. सैफ हसन जल्दी आउट हो गए, जबकि लिट्टन दास अंत तक नाबाद लौटे.

पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह नाकाम

पाकिस्तान के बल्लेबाजे इस मुकाबले में पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई. टीम के अधिकांश बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे. साहिबजादा फरहान ने 27 रन बनाए, जबकि माज सदाकत 18 रन ही जोड़ सके. विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान 10 रन बनाकर आउट हो गए. सलमान आगा, हुसैन तलात और अब्दुल समद जैसे बल्लेबाज भी कुछ खास योगदान नहीं दे पाए.

फहीम अशरफ ने बचाई थोड़ी इज्जत

जब पाकिस्तान की टीम लगातार विकेट खो रही थी, तब निचले क्रम में फहीम अशरफ ने संघर्ष किया. उन्होंने 37 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को थोड़ा सम्मानजनक बनाने की कोशिश की. अगर उनका योगदान नहीं होता तो पाकिस्तान की टीम 100 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाती.

पाकिस्तान का सबसे छोटा स्कोर

इस मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे इतिहास का अपना सबसे कम स्कोर बना दिया. शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में टीम सिर्फ 114 रन ही बना सकी. इससे पहले पाकिस्तान का सबसे छोटा स्कोर 1999 में बना था, जब टीम ने 161 रन बनाए थे. अब यह रिकॉर्ड भी टूट गया है और सीरीज की शुरुआत पाकिस्तान के लिए बेहद निराशाजनक रही है.