जापान के नागोया में भारी बारिश ने Asian Games 2026 की तैयारियों के बीच चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार को महज एक घंटे में करीब 104 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में बाढ़ का पानी भर गया. एहतियात के तौर पर सैकड़ों खिलाड़ियों और कर्मचारियों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया. हालांकि, नागोया के मेयर ने साफ किया कि आयोजन स्थलों को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है और खेल तय कार्यक्रम के मुताबिक होने की उम्मीद है.
नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा के मुताबिक, अस्थायी आवासों में रह रहे करीब 400 खिलाड़ियों और कर्मचारियों को सुरक्षा के मद्देनजर दूसरी जगह ले जाया गया. गार्डन पियर में रहने वाले खिलाड़ियों को भी वहां से हटाया गया. अधिकारियों ने बताया कि निकासी आदेश करीब दो घंटे बाद वापस ले लिया गया, जिसके बाद खिलाड़ी अपने आवास पर लौट आए.
भारी बारिश का असर एशियन गेम्स के कुछ आयोजन स्थलों पर भी पड़ा. कुछ इमारतों की छतों से पानी टपकने की जानकारी सामने आई, लेकिन किसी खिलाड़ी के घायल होने की खबर नहीं है. मेयर ने कहा कि नुकसान सीमित है और फिलहाल 19 सितंबर के उद्घाटन समारोह पर कोई खतरा नहीं है. उनका कहना है कि खेलों का आयोजन योजना के अनुसार किया जा सकता है.
खराब मौसम ने नागोया के परिवहन नेटवर्क को भी प्रभावित किया. कुछ समय के लिए मेट्रो और बस सेवाएं रोकनी पड़ीं. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने क्षेत्र की एक प्रमुख नदी के लिए बाढ़ की सबसे ऊंची चेतावनी जारी की. स्थानीय मीडिया के अनुसार, करीब 3,500 लोगों ने आपातकालीन निकासी केंद्रों में शरण ली. हालात सुधरने के बाद प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी.
इस बार एशियन गेम्स में पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया गया है. आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए क्रूज जहाज, होटल और अस्थायी लकड़ी के आवासों का इंतजाम किया है. प्रतियोगिताएं उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो जाएंगी और बास्केटबॉल के मुकाबले गुरुवार से शुरू होने हैं. इस आयोजन में 17,000 से ज्यादा खिलाड़ियों और अधिकारियों के पहुंचने की उम्मीद है.