menu-icon
India Daily

78 मैच, 5 साल का इंतजार… फिर आया वो शतक, जिसने सचिन को बना दिया ‘क्रिकेट का भगवान’!

सचिन तेंदुलकर ने 9 सितंबर 1994 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला वनडे शतक लगाया था. 78 मैचों के लंबे इंतजार के बाद आई 110 रन की पारी उनके करियर का अहम मोड़ बनी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
78 मैच, 5 साल का इंतजार… फिर आया वो शतक, जिसने सचिन को बना दिया ‘क्रिकेट का भगवान’!
Courtesy: X (@AshishRamini)

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिन्हें आज के समय पर तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं है. लेकिन उनके पहले वनडे शतक तक पहुंचने की कहानी भी बेहद खास है. 

आज से लगभग 32 साल पहले आज के ही दिन सचिन के बल्ले से उनका पहला वनडे शतक आया था. ये शतक उनके लिए इसलिए भी खास था क्योंकि ये उनके 78 मैच और 5 साल के इंतजार के बाद आया था. 9 सितंबर 1994 को कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन ने 130 गेंदों पर 110 रन बनाए थे. इसके बाद उनके वनडे करियर ने अलग रफ्तार पकड़ ली.

32 साल पहले आज के ही दिन जड़ा था पहला ODI शतक

9 सितंबर का दिन आज भी क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के लिए बेहद खास है क्योंकि इस दिन उनके बल्ले से उनका पहला ODI शतक आया था. 9 सितंबर 1994 को कोलंबो में सिंगर वर्ल्ड सीरीज का मुकाबला खेला गया. सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 130 गेंदों पर 110 रन बनाए.

इस पारी में सचिन ने 8 चौके और 2 छक्के जड़े थे. उन्होंने मनोज प्रभाकर के साथ पारी की शुरुआत की और बाद में नवजोत सिंह सिद्धू व मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ साझेदारियां कीं. भारत ने 8 विकेट पर 246 रन बनाए और 31 रन से जीत दर्ज की.

पहले शतक के बाद बदल गया सफर

सचिन ने शतक लगाने से पहले 78 वनडे मैचों में 2126 रन बनाए थे. उनका औसत 32.70 था और खाते में 17 अर्धशतक थे. पहले शतक के बाद उन्होंने वनडे में 16,300 रन और जोड़े तथा 48 शतक लगाए. उनका औसत भी 47.10 तक पहुंचा. इसी वजह से कोलंबो में खेली गई 110 रन की पारी को उनके वनडे करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है.

16 साल की उम्र में किया था डेब्यू

सचिन ने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. उस समय उनकी उम्र 16 साल 205 दिन थी. पहले टेस्ट में उन्होंने 24 गेंदों पर 15 रन बनाए. अपने डेब्यू दौरे पर उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए. सचिन का पहला टेस्ट शतक 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में आया, जहां उन्होंने 119 रन बनाए.

ऐसा रहा सचिन का महान करियर

24 साल के इंटरनेशनल करियर में सचिन ने 664 मैचों में 34,357 रन बनाए. टेस्ट में उन्होंने 200 मैचों की 329 पारियों में 15,921 रन बनाए, जिसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं. वनडे में सचिन ने 463 मैचों की 452 पारियों में 18,426 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उनके नाम 49 शतक और 96 अर्धशतक हैं. उन्होंने अपने करियर में केवल एक T20I मैच खेला.