menu-icon
India Daily

Asian Games 2026 का आज होगा क्लोजिंग सेरेमनी, जानें भारत में कब और कहां देख सकेंगे फ्री में LIVE

एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 4 अक्टूबर यानी आज जापान के नागोया में होगी. नीरू ढांडा भारत की महिला ध्वजवाहक के रूप में तिरंगा थामेंगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Asian Games 2026 का आज होगा क्लोजिंग सेरेमनी, जानें भारत में कब और कहां देख सकेंगे फ्री में LIVE
Courtesy: @AsianGames26 X Account

Asian Games 2026: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 का आज 4 अक्टूबर को भव्य समापन होने जा रहा है. करीब दो हफ्ते तक चले इन खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग, आर्चरी, गोल्फ, हॉकी, कुश्ती, बॉक्सिंग समेत कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया. अब नागोया में होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी के साथ एशियन गेम्स 2026 का औपचारिक समापन होगा.

क्लोजिंग सेरेमनी जापान के नागोया स्थित नागोया सिटी मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित की जाएगी. यही स्टेडियम एशियन गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह का भी गवाह बना था. भारतीय फैन्स के लिए यह समारोह खेलों में देश के शानदार अभियान के जश्न का आखिरी मौका होगा.

कितने बजे शुरू होगी क्लोजिंग सेरेमनी?

एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 4 अक्टूबर को आयोजित होगी. समापन समारोह शाम 6 बजे शुरू होगा. समारोह में एथलीटों की परेड और आधिकारिक समापन कार्यक्रम होंगे. इसके बाद एशियन गेम्स के अगले संस्करण की मेजबानी की ओर ध्यान जाएगा.

भारत में कहां देख सकते हैं LIVE?

भारतीय दर्शक एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर देख सकते हैं. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप पर उपलब्ध होगी.

भारत में फ्री में कैसे देखें?

जो दर्शक एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी को बिना किसी अतिरिक्त डिजिटल सब्सक्रिप्शन के देखना चाहते हैं, वे DD Sports पर इसका लाइव प्रसारण देख सकते हैं. यानी टीवी पर DD Sports के जरिए भारतीय फैन्स समापन समारोह को फ्री में देख पाएंगे.

क्लोजिंग सेरेमनी में क्या होगा खास?

मुख्य समारोह से पहले एक खास प्री-सेरेमनी शो भी आयोजित किया जाएगा. इसमें जापानी गर्ल ग्रुप MYERA, सिंगर और अभिनेता मसाया किमुरा, एशियन गेम्स एंबेसडर कायोको ओकुबो और निप्पॉन स्पोर्ट साइंस यूनिवर्सिटी की टीम अपनी प्रस्तुति देगी.

इसके बाद मुख्य क्लोजिंग सेरेमनी में खिलाड़ियों की मौजूदगी, एथलीट परेड और खेलों के औपचारिक समापन से जुड़े कार्यक्रम होंगे. समारोह में जापानी संस्कृति और मनोरंजन की झलक भी देखने को मिल सकती है.

नीरू ढांडा संभालेंगी भारत का तिरंगा

इस बार क्लोजिंग सेरेमनी में भारत की महिला ध्वजवाहक की जिम्मेदारी निशानेबाज नीरू ढांडा संभालेंगी. उन्होंने आइची-नागोया एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. नीरू ढांडा ने व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा. वह एशियन गेम्स में व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. इसके अलावा उन्होंने महिला टीम ट्रैप इवेंट में सिल्वर और कायन चेनाई के साथ मिक्स्ड टीम ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता.

खास बात यह है कि नीरू अपने शूटिंग इवेंट पूरे करने के बाद भारत लौट आई थीं. अब क्लोजिंग सेरेमनी में तिरंगा थामने के सम्मान के लिए वह दोबारा जापान जाएंगी. 3 अक्टूबर तक पुरुष ध्वजवाहक के नाम की घोषणा नहीं हुई थी.