Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं लेकिन भारतीय टीम के लिए प्लेइंग इलेवन का चयन अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है. खासकर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं. शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाए जाने के बाद उनकी ओपनिंग पोजीशन लगभग पक्की मानी जा रही है, जिसके चलते संजू सैमसन की जगह खतरे में दिख रही है.
9 से 28 सितंबर 2025 तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने वाले एशिया कप से पहले भारतीय खिलाड़ी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं. चूंकि इस टूर्नामेंट से पहले भारत कोई अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच नहीं खेल रहा, इसलिए कई खिलाड़ी घरेलू टी20 लीग में हिस्सा ले रहे हैं. संजू सैमसन भी अपनी फॉर्म को परखने के लिए केरल क्रिकेट लीग में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेल रहे हैं.
पिछले कुछ समय से संजू सैमसन ने भारत और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग की है. लेकिन एशिया कप में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी की संभावना को देखते हुए सैमसन ने मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी की प्रैक्टिस शुरू की. केरल क्रिकेट लीग में उन्होंने कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने का फैसला किया.
हालांकि, यह प्रयोग उनके लिए कारगर साबित नहीं हुआ. अलेप्पी रिपल्स के खिलाफ एक मैच में सैमसन ने 22 गेंदों में सिर्फ 13 रन बनाए. इस दौरान न तो कोई चौका लगा न ही कोई छक्का. उनकी बल्लेबाजी टेस्ट मैच जैसी रही, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 59 का रहा. यह पारी टी20 फॉर्मेट के हिसाब से बेहद धीमी थी और इससे उनकी दावेदारी को तगड़ा झटका लगा है.
शुभमन गिल की उप-कप्तानी और ओपनिंग में उनकी मजबूत दावेदारी के चलते सैमसन को मिडिल ऑर्डर में जगह बनाने के लिए जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है. जितेश ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से पहले ही टी20 में अपनी पहचान बनाई है. ऐसे में सैमसन के लिए एशिया कप की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा.