menu-icon
India Daily

Asia cup 2025: शिवम दुबे को मिला हार्दिक पांड्या जैसा रोल, एशिया कप में दिखेगी नई जिम्मेदारी, मोर्केल ने दिए खास संकेत

एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया ने शिवम दुबे को हार्दिक पांड्या जैसे ऑलराउंडर विकल्प के तौर पर तैयार किया है. गेंदबाजी कोच मोर्न मोर्केल ने कहा कि शिवम दुबे चार ओवर डालने के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे. भारत का पहला मैच 10 सितंबर को यूएई से होगा.

auth-image
Edited By: Km Jaya
शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या
Courtesy: Social Media

Asia cup 2025: एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया की रणनीति को लेकर बड़ा संकेत मिला है. गेंदबाजी कोच मॉर्न मोर्केल ने साफ किया है कि टीम प्रबंधन शिवम दुबे को हार्दिक पांड्या जैसी भूमिका में देख रहा है. मोर्केल ने कहा कि दुबे को बतौर फास्ट-बॉलिंग ऑलराउंडर इस्तेमाल करने की योजना है, जो बैटिंग के साथ-साथ चार ओवर गेंदबाजी भी कर सकते हैं.

शिवम दुबे, जो हाल ही में टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे, उन्हें उस टूर्नामेंट में गेंदबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला था. उन्होंने केवल अमेरिका के खिलाफ एक ओवर डाला था. हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी में खेले गए आखिरी टी20 मैच में उन्होंने दो अहम विकेट लेकर साबित किया कि वे टीम के लिए एक प्रभावी ऑलराउंड विकल्प हो सकते हैं.

नहीं छोड़ेंगे कोई कसर

मोर्केल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मेरे लिए सबसे जरूरी है कि शिवम को ऐसे खिलाड़ी के तौर पर इस्तेमाल करें जो चार ओवर डाल सके. ऑलराउंडर्स को दोनों टैलेंट पर मेहनत करनी चाहिए. कई बार खिलाड़ी सिर्फ एक पहलू पर ध्यान देने लगते हैं लेकिन यहां हम कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. मैच के दिन अगर हालात उनके पक्ष में होते हैं तो उन्हें तैयार रहना होगा.'

ऑलराउंड विकल्पों पर ज्यादा भरोसा 

हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने ऑलराउंड विकल्पों पर ज्यादा भरोसा दिखाया है. रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा और खुद सूर्यकुमार जैसे खिलाड़ियों को भी जरूरत पड़ने पर गेंद थमाई गई है. इस रणनीति से टीम को चयन और संयोजन में लचीलापन मिलता है.

शिवम दुबे पर डाली जिम्मेदारी

टीम इंडिया के पास सीमित तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर विकल्प हैं और यही कारण है कि दुबे की भूमिका बेहद अहम हो जाती है. हार्दिक पांड्या लंबे समय से टीम के प्रमुख ऑलराउंडर रहे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस और उपलब्धता को देखते हुए अब दुबे पर भी जिम्मेदारी डाली जा रही है. भारत का एशिया कप अभियान 10 सितंबर से यूएई के खिलाफ शुरू होगा. इसके बाद 14 सितंबर को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा. 19 सितंबर को टीम का फाइन ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ओमान से अबू धाबी में होगा.