इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 29वें मुकाबले में रविवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में छक्कों की ऐसी सुनामी आई, जिसे लखनऊ सुपर जायंट्स का खेमा सालों तक नहीं भूल पाएगा. पंजाब किंग्स के युवा और विस्फोटक बल्लेबाजों प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने लखनऊ के स्टार खिलाड़ी एडेन मार्करम की इतनी बेरहमी से धुनाई की कि उनके नाम एक बेहद अनचाहा और शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया है.
पंजाब किंग्स की पारी का 13वां ओवर LSG के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था. एडेन मार्करम अपना पहला ओवर लेकर आए, लेकिन क्रीज पर मौजूद प्रियांश और कोनोली ने उन पर कोई रहम नहीं खाया. इस ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 5 गगनचुंबी छक्के जड़े. ओवर का समीकरण कुछ इस तरह रहा: 6, 6, 6, वाइड, 1, 6, 6.
इस एक ओवर में 32 रन लुटाने के साथ ही एडेन मार्करम आईपीएल इतिहास में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने रवि बिश्नोई का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में एक ओवर में 27 रन खर्चे थे.
इस मुकाबले में कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने दूसरे विकेट के लिए मैदान के हर कोने में रन बरसाए. दोनों ने महज 80 गेंदों में 182 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की. आईपीएल के इतिहास में यह केवल तीसरा मौका है जब पंजाब किंग्स के किन्हीं बल्लेबाजों ने 150 से अधिक रनों की पार्टनरशिप की है.
प्रियांश का प्रहार: प्रियांश आर्या ने मात्र 37 गेंदों का सामना करते हुए 93 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 आसमानी छक्के शामिल थे.
कोनोली का कहर: दूसरी तरफ कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए.
भले ही युवाओं ने महफिल लूट ली, लेकिन पंजाब किंग्स के अनुभवी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए. शानदार फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले मोहम्मद शमी का शिकार बन गए. कप्तान श्रेयस अय्यर मात्र 5 रन ही बना सके, जबकि नेहल वढेरा 13 रन के निजी स्कोर पर एम सिद्धार्थ की गेंद पर निकोलस पूरन को कैच थमा बैठे.