menu-icon
India Daily

Asian Athletics Championship: एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का बजा डंका, एक ही दिन में जीते तीन गोल्ड, पूजा ने हाई जंप में लहराया तिरंगा

शुक्रवार को 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन और स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाली. लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एक दशक पुराना मीट रिकॉर्ड तोड़ डाला.

garima
Edited By: Garima Singh
Asian Athletics Championship: एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का बजा डंका, एक ही दिन में जीते तीन गोल्ड, पूजा ने हाई जंप में लहराया तिरंगा
Courtesy: x

26th Asian Athletics Championship: शुक्रवार को 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन और स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाली. लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एक दशक पुराना मीट रिकॉर्ड तोड़ डाला.

हाई जंप में पूजा सिंह ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, और हेप्टाथलीट नंदिनी अगासरा ने शुरुआती असफलताओं के बावजूद शानदार वापसी की. इन उपलब्धियों ने भारत की पदक तालिका को 18 तक पहुंचा दिया, जिसमें 8 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत अब 2023 में जीते 27 पदकों के रिकॉर्ड को पार करने की ओर अग्रसर है. 

गुलवीर सिंह: लंबी दूरी के नए सितारे

गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 13:24.77 सेकंड का समय निकालकर थाईलैंड के किरन टुनटिवेट (13:24.97 सेकंड) को पछाड़कर स्वर्ण पदक हासिल किया.जापान के नागिया मोरी (13:25.06 सेकंड) को कांस्य से संतोष करना पड़ा. गुलवीर ने कतर के मोहम्मद अल-गरनी के 2015 में बनाए 13:34.47 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ा।.इसके अलावा, उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में भी 28:38.63 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण जीता, जिससे वह गोपाल सैनी, बहादुर प्रसाद और जी लक्ष्मणन जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए.

पूजा सिंह: ऊंची कूद में नया कीर्तिमान

18 वर्षीय पूजा सिंह ने ऊंची कूद में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर उज्बेकिस्तान की सफीना सादुल्लाएवा (1.86 मीटर) को हराया। हरियाणा की इस युवा एथलीट ने, जिनके पिता एक निर्माण श्रमिक हैं, 2023 की एशियाई अंडर-23 चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के बाद अब महाद्वीपीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। पूजा ने कहा, “मैं अपने परिवार और कोच का शुक्रिया अदा करती हूं, जिनके समर्थन ने मुझे यह मुकाम दिलाया.”

नंदिनी अगासरा: हेप्टाथलन में ऐतिहासिक जीत

नंदिनी अगासरा स्वप्ना बर्मन और सोमा बिस्वास के बाद एशियाई स्वर्ण जीतने वाली तीसरी भारतीय हेप्टाथलीट बनीं. 5941 अंकों के साथ उन्होंने शीर्ष स्थान हासिल किया. भाला फेंक में 34.18 मीटर के खराब प्रदर्शन के बावजूद, नंदिनी ने 800 मीटर दौड़ में शानदार वापसी की.चीन की लियू जिंगयी (5869 अंक) को रजत पदक मिला.

अन्य स्पर्धाओं में भारत का प्रदर्शन

महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी को रजत पदक मिला, जिन्होंने 9:12.46 सेकंड का समय निकाला. कजाकिस्तान की नोरा जेरुतो तनुई (9:10.46 सेकंड) ने स्वर्ण जीता. पुरुष भाला फेंक में सचिन यादव (79.62 मीटर) और यशवीर सिंह (76.67 मीटर) फाइनल में पहुंचे, जहां पाकिस्तान के अरशद नदीम (86.34 मीटर) शीर्ष पर रहे. हालांकि, 4x100 मीटर पुरुष रिले टीम को बैटन एक्सचेंज में गलती के कारण अयोग्य घोषित किया गया.