झील, पहाड़ और रंगीन गलियां...भारत की इन जगहों पर मिलता है इटली वाला फील; लवासा की खूबसूरती बना देगी सफर यादगार

महाराष्ट्र का लवासा अपनी यूरोपियन स्टाइल इमारतों, झील, हरियाली और शांत माहौल की वजह से भारत का मिनी इटली कहलाता है. चलिए जानते हैं क्या है इसकी खासियत.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: गर्मियों की छुट्टियों में अगर आप किसी ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, जहां सुकून, खूबसूरती और विदेश जैसा माहौल एक साथ मिले तो महाराष्ट्र का लवासा आपके लिए शानदार ऑप्शन बन सकता है. इस जगह को भारत का मिनी इटली भी कहा जाता है. यहां पहुंचते ही रंग-बिरंगी इमारतें, झील किनारे बने कैफे, घुमावदार सड़कें और हरियाली से भरे नजारे लोगों का दिल जीत लेते हैं.

पुणे के पास बसी यह खूबसूरत हिल सिटी इटली के मशहूर पोर्टोफिनो शहर से इंस्पायर मानी जाती है. यही वजह है कि यहां का आर्किटेक्चर और माहौल बिल्कुल यूरोपियन टाउन जैसा लगता है. गर्मियों के मौसम में यहां का सुहावना मौसम और ठंडी हवाएं लोगों को काफी राहत देती हैं. यही कारण है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं.

किन लोगों के लिए है परफेक्ट?

लवासा खास तौर पर उन लोगों के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन माना जाता है, जो शहर की भीड़भाड़ और शोर से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं. यहां फैमिली, कपल्स और दोस्तों के ग्रुप के लिए कई शानदार एक्टिविटीज मौजूद हैं. झील किनारे शाम की वॉक, कैफे में बैठकर खूबसूरत नजारों का आनंद लेना और शांत वातावरण में समय बिताना यहां का सबसे खास अनुभव माना जाता है.

अगर आप एडवेंचर पसंद करते हैं, तो यहां कई रोमांचक एक्टिविटीज भी कर सकते हैं. पर्यटक यहां जेट स्की, कायकिंग और बोटिंग जैसी वॉटर एक्टिविटीज का मजा लेते हैं. इसके अलावा आसपास की घाटियां, पहाड़ और व्यू पॉइंट्स भी लोगों को खूब आकर्षित करते हैं. यहां का लेकसाइड प्रोमेनेड घूमने वालों की सबसे पसंदीदा जगहों में शामिल है.

कौन-कौन से शानदार स्पॉट हैं मौजूद?

लवासा में घूमने के लिए कई शानदार स्पॉट मौजूद हैं. यहां का टेमघर डैम, दासवे व्यू पॉइंट और हरियाली से भरी घाटियां पर्यटकों को बेहद पसंद आती हैं. मानसून और गर्मियों के दौरान यहां की खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है.

अगर यहां पहुंचने की बात करें, तो मुंबई से लवासा की दूरी करीब 190 किलोमीटर है. सड़क मार्ग से यहां पहुंचने में लगभग 4 से 5 घंटे का समय लगता है. वहीं दिल्ली से आने वाले पर्यटक पहले पुणे पहुंच सकते हैं और वहां से टैक्सी या कैब के जरिए आसानी से लवासा जा सकते हैं. मुंबई-पुणे-लवासा रोड ट्रिप को भी बेहद खूबसूरत माना जाता है, क्योंकि रास्ते में पहाड़, झरने और हरियाली सफर को यादगार बना देते हैं.