नई दिल्ली: दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में शामिल Miss World का हिस्सा बनने का सपना कई युवतियां देखती हैं. लेकिन इस मंच तक पहुंचने के लिए केवल खूबसूरती ही काफी नहीं होती. आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, टैलेंट, कम्युनिकेशन स्किल और समाज के प्रति आपकी सोच भी अहम भूमिका निभाती है.
अगर आप Miss World 2027 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रही हैं, तो आपको चयन की पूरी प्रक्रिया समझना जरूरी है. Miss World की ओर से इच्छुक प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी प्रोफाइल पेश करने का अवसर दिया जाता है. इसके लिए Miss World App पर रजिस्ट्रेशन करके अपने देश का चयन करना होता है.
इसके बाद प्रोफाइल में नाम, तस्वीर और अपने बारे में जरूरी जानकारी देनी होती है. प्रतिभागी वीडियो के जरिए अपनी कहानी, उपलब्धियां, टैलेंट और Miss World बनने की वजह भी सामने रख सकती हैं. ऐसे में पहला परिचय प्रभावी और स्पष्ट होना काफी महत्वपूर्ण माना जाता है.
भारत से किसी उम्मीदवार के लिए अंतरराष्ट्रीय Miss World मंच तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया से होकर जाता है. उम्मीदवारों को पहले भारत की राष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट प्रक्रिया में हिस्सा लेना होता है. इस प्रतियोगिता में देश के अलग अलग हिस्सों से प्रतिभागी शामिल होती हैं. राष्ट्रीय स्तर पर चुनी गई विजेता को आगे Miss World प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है.
अगर आपका लक्ष्य Miss World 2027 है, तो तैयारी केवल लुक्स तक सीमित नहीं होनी चाहिए. सबसे पहले आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर काम करें. अपनी कम्युनिकेशन स्किल बेहतर करें और सार्वजनिक मंच पर अपने विचार स्पष्ट तरीके से रखने की आदत डालें. इसके अलावा डांस, म्यूजिक, स्पोर्ट्स, कला या पब्लिक स्पीकिंग जैसे किसी टैलेंट को मजबूत करना आपकी प्रोफाइल को अलग पहचान दे सकता है.
Miss World जैसे मंच पर सामाजिक सोच और लोगों के लिए काम करने का नजरिया भी महत्वपूर्ण होता है. इसलिए किसी सामाजिक उद्देश्य से जुड़कर काम करना और समाज से जुड़े मुद्दों की समझ विकसित करना आपकी तैयारी का हिस्सा होना चाहिए. सही जानकारी, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के साथ आप राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकती हैं.