होली खेलते समय स्टाइल के साथ कंफर्ट भी है जरूरी, रंग खेलते हुए गलती से भी न पहनें इस तरह के आउटफिट

होली पर रंग खेलते समय स्टाइलिश दिखना हर किसी की ख्वाहिश होती है, लेकिन कंफर्ट सबसे जरूरी है. सही फैब्रिक, लेयरिंग, फुटवियर और एसेसरीज आपको सुरक्षित और प्रेजेंटेबल दोनों बनाए रखता है.

Pinterest
Babli Rautela

नई दिल्ली: होली का त्योहार रंग, मस्ती और खुशियों का प्रतीक है. हर कोई चाहता है कि वह इस दिन खास दिखे और तस्वीरों में भी शानदार नजर आए. सोशल मीडिया के दौर में लोग सेलिब्रिटी से इंस्पायर लुक्स को फॉलो करते हैं. लेकिन होली पर सिर्फ लुक ही नहीं, बल्कि कंफर्ट और सेफ्टी भी उतनी ही जरूरी है. अक्सर लोग इस कन्फ्यूजन में रहते हैं कि रंग खेलते समय क्या पहनें और क्या नहीं. अगर आप भी होली पार्टी या दोस्तों के साथ रंग खेलने जा रहे हैं तो इन आसान टिप्स को जरूर ध्यान में रखें.

होली के दौरान पानी और गुलाल दोनों का इस्तेमाल होता है. ऐसे में कपड़ों का फैब्रिक सबसे अहम भूमिका निभाता है. सिंथेटिक कपड़े गीले होने पर भारी लगते हैं और जल्दी सूखते भी नहीं हैं. इससे पूरे दिन असहजता महसूस हो सकती है. सबसे बेहतर विकल्प सूती कपड़े होते हैं. कॉटन फैब्रिक हल्का और सांस लेने योग्य होता है. ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत ज्यादा पतला न हो, क्योंकि भीगने पर वह अजीब दिख सकता है. थोड़ा मोटा कॉटन या हल्का नायलॉन बेहतर विकल्प हो सकता है. इससे आप कंफर्टेबल भी रहेंगे और आत्मविश्वास भी बना रहेगा.

लेयरिंग से मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा

होली पर लेयरिंग करना एक स्मार्ट स्टाइल टिप है. इसका मतलब है कि आप एक के ऊपर एक हल्के कपड़े पहनें. जैसे महिलाएं अंदर टैंक टॉप पहनकर ऊपर से ओवर साइज्ड शर्ट या कुर्ती कैरी कर सकती हैं. अगर आप सूट पहन रही हैं तो कॉटन का दुपट्टा या स्टॉल साथ रखें. इसे गले में अच्छे से राउंड करके डाल सकती हैं. इससे रंग सीधे स्किन पर कम लगते हैं और लुक भी स्टाइलिश लगता है. पुरुष भी टी शर्ट के ऊपर हल्की शर्ट पहन सकते हैं. इससे पानी और रंग से थोड़ी सुरक्षा मिलती है और फोटो में भी लेयर्ड लुक शानदार दिखता है.

सही फुटवियर का चुनाव है जरूरी

होली पार्टी में सिर्फ खड़े रहना नहीं होता, बल्कि डांस और भागदौड़ भी होती है. इसलिए फुटवियर ऐसा होना चाहिए जो फिसले नहीं और भीगने पर भारी न लगे. फ्लिप फ्लॉप या मजबूत सैंडल सबसे बेहतर माने जाते हैं. ये आरामदायक होते हैं और पानी में भी जल्दी सूख जाते हैं. बहुत महंगे या नए जूते पहनने से बचें, क्योंकि रंग और पानी से वे खराब हो सकते हैं.

एसेसरीज से बढ़ेगा लुक और मिलेगी सुरक्षा

होली के दौरान एसेसरीज सिर्फ स्टाइल के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिए भी जरूरी होती हैं. आंखों को रंग से बचाने के लिए चश्मा जरूर पहनें. इससे आंखों में जलन से बचाव होता है. बालों को बचाने के लिए सिर पर दुपट्टा या स्कार्फ बांध सकते हैं. इसे पगड़ी की तरह बांधने से लुक भी अलग दिखता है और बालों में कम रंग जाता है.

ज्वेलरी पहननी हो तो बहुत हल्की रखें. छोटे हूप ईयररिंग या छोटे स्टड बेहतर विकल्प हैं. बड़े झुमके या भारी चेन से बचें, क्योंकि भीड़ में खिंचने से चोट लग सकती है.

क्या नहीं पहनना चाहिए

बहुत टाइट या बहुत ढीले कपड़े न पहनें. टाइट कपड़े गीले होने पर असहज लगते हैं और ढीले कपड़े फंस सकते हैं. बहुत पतले या पारदर्शी कपड़ों से भी बचना चाहिए. हाई हील्स या स्लिपरी जूते बिल्कुल न पहनें. इससे गिरने का खतरा बढ़ जाता है. महंगे ब्रांडेड कपड़े भी पहनने से बचें, क्योंकि रंगों से दाग हटाना मुश्किल हो सकता है.