menu-icon
India Daily

Holi 2026: होली के रंग न बिगाड़ें आपका चेहरा, एक्सपर्ट्स ने बताए प्री और पोस्ट होली के ये असरदार टिप्स

होली का त्योहार खुशियों और रंगों से भरा होता है, लेकिन जरा सी लापरवाही स्किन को नुकसान पहुंचा सकती है. डर्मेटोलॉजिस्ट्स ने प्री और पोस्ट होली के जरूरी टिप्स बताए हैं, जिनसे आप अपनी त्वचा को रैशेज, पिंपल्स और पिगमेंटेशन से बचा सकते हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
Holi 2026: होली के रंग न बिगाड़ें आपका चेहरा, एक्सपर्ट्स ने बताए प्री और पोस्ट होली के ये असरदार टिप्स
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: होली का त्योहार जैसे ही नजदीक आता है, हर तरफ रंग, उत्साह और तैयारियों का माहौल बन जाता है. इस बार होली 3 और 4 मार्च को मनाई जाएगी. लोग पहले से ही पिचकारी, रंग और तस्वीरों की प्लानिंग में जुट जाते हैं. कई युवा फिल्मों के मशहूर गानों के सीन को दोहराने के लिए भी उत्साहित रहते हैं. लेकिन रंगों की यही खुशी कई बार बाद में स्किन प्रॉब्लम का कारण बन जाती है. 

होली के बाद रैशेज, पिंपल्स, खुजली, जलन और जिद्दी दाग धब्बे आम शिकायत बन जाते हैं. डर्मेटोलॉजिस्ट्स का कहना है कि समस्या केवल रंगों की वजह से नहीं होती, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करती है कि आपने स्किन को पहले से कितना तैयार किया और बाद में उसकी देखभाल कैसे की. अगर सही तरीके से प्री केयर और पोस्ट केयर की जाए तो त्वचा को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है. आइए जानते हैं एक्सपर्ट्स के बताए जरूरी टिप्स.

होली से पहले अपनाएं ये जरूरी टिप्स

  • स्किन ट्रीटमेंट से बचें

होली से पांच से सात दिन पहले केमिकल पीलिंग, लेजर, वैक्सिंग, थ्रेडिंग या ज्यादा एक्सफोलिएशन से बचें. इन प्रक्रियाओं से स्किन की ऊपरी परत कमजोर हो जाती है और रंगों से जलन और सूजन का खतरा बढ़ जाता है.

  • लिप्स और गर्दन की भी करें देखभाल

अक्सर लोग केवल चेहरे पर ध्यान देते हैं, जबकि लिप्स, कान और गर्दन जल्दी प्रभावित होते हैं. एसपीएफ वाला लिप बाम लगाएं और हल्का मॉइस्चराइजर इन हिस्सों पर भी जरूर लगाएं. नाखून छोटे रखें और साफ नेल पॉलिश लगा लें ताकि रंग अंदर तक न समा सके.

  • हर्बल रंग भी कर सकते हैं नुकसान

कई लोग मानते हैं कि हर्बल या ऑर्गेनिक रंग पूरी तरह सुरक्षित होते हैं. लेकिन हर स्किन अलग होती है. इसलिए होली से पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से पर थोड़ा रंग लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें.

  • पहले से स्किन प्रॉब्लम है तो सावधान रहें

अगर आपको एक्जिमा, फंगल इन्फेक्शन या अन्य स्किन समस्या है तो गीले रंगों से दूरी रखें. सूखे रंग से खेलें और धूप में ज्यादा देर न रहें.

  • तेल लगाना न भूलें

रंग खेलने से 30 से 60 मिनट पहले चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर नारियल, बादाम या तिल का तेल लगाएं. इससे त्वचा पर एक परत बन जाती है और रंग गहराई तक नहीं जाता.

होली के बाद अपनाएं ये जरूरी टिप्स

  • रंगों को धीरे से हटाएं

होली खेलने के बाद गुनगुने पानी से नहाएं. बहुत गर्म पानी से बचें और स्किन को जोर से न रगड़ें. हल्के सल्फेट फ्री क्लींजर का इस्तेमाल करें. इसके बाद एलोवेरा जेल लगाएं ताकि त्वचा को राहत मिले.

  • मॉइस्चराइज करना जरूरी

नहाने के तुरंत बाद फ्रेगरेंस फ्री मॉइस्चराइजर या सेरामाइड वाली क्रीम लगाएं. जरूरत हो तो रात में दोबारा लगाएं ताकि स्किन की नमी बनी रहे.

  • जलन और रेडनेस से राहत

अगर स्किन पर हल्की जलन या लालिमा हो तो एलोवेरा जेल या गुलाब जल लगाएं. मुल्तानी मिट्टी या दही और शहद का हल्का पैक भी राहत दे सकता है.

  • डॉक्टर से सलाह लेने में न करें देरी

अगर होली के बाद लगातार खुजली, छाले या पानी निकलने जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं. समय पर इलाज से गंभीर समस्या से बचा जा सकता है.

होली खुशियों का त्योहार है. थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से आप रंगों का आनंद भी ले सकते हैं और अपनी स्किन को भी सुरक्षित रख सकते हैं. इस बार होली खेलें दिल खोलकर, लेकिन अपनी त्वचा की सुरक्षा को नजरअंदाज न करें.