नई दिल्ली: 25 हजार से ज्यादा पदों वाली SSC GD Constable भर्ती 2026 के लिए आवेदन कर चुके लाखों युवा अब परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे हैं. फरवरी में प्रस्तावित परीक्षा टल जाने के बाद मार्च और अप्रैल भी गुजर गया, लेकिन स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की ओर से अभी तक कोई नया शेड्यूल जारी नहीं किया गया है. ऐसे में कैंडिडेट्स रोजाना आधिकारिक वेबसाइट चेक कर रहे हैं. अगर आप भी तैयारी में जुटे हैं तो बिना घबराए पढ़ाई जारी रखें और कुछ खास गलतियों से बचें.
एसएससी के नए परीक्षा कैलेंडर के अनुसार 7 अप्रैल को जेई टियर 2 परीक्षा हो रही है. मई 2026 में जेएसए, एलडीसी, यूडीसी और एएसओ ग्रेड की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं. मई जून में सीजीएल और जेई परीक्षाएं भी हैं. इन तारीखों को देखकर लगता है कि एसएससी जीडी की परीक्षा अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई में किसी भी समय आयोजित की जा सकती है. हालांकि अंतिम घोषणा एसएससी ही करेगा.
जैसे ही एसएससी जीडी परीक्षा का नया शेड्यूल जारी होगा, वह सीधे आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in के नोटिस बोर्ड पर दिखाई देगा. उम्मीदवारों को सलाह है कि सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर ध्यान न दें. नियमित रूप से आधिकारिक साइट चेक करते रहें और अपनी तैयारी को बिना रुके जारी रखें.
पहली बड़ी गलती है परीक्षा तारीख न आने पर पढ़ाई टाल देना. ऐसा सोचना कि अभी तो समय है, बाद में पढ़ लेंगे, बहुत नुकसानदायक साबित हो सकता है. दूसरी गलती है सोशल मीडिया की अफवाहों पर भरोसा करना. हमेशा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें.
तीसरी गलती फिजिकल टेस्ट की तैयारी को बाद के लिए टालना है. अभी लिखित परीक्षा के साथ रनिंग और फिटनेस पर भी फोकस करें. चौथी गलती है बीच में नई किताबें या स्टडी मटेरियल बदलना. जो किताबें आप पहले से पढ़ रहे हैं, उनकी गहराई से प्रैक्टिस करें और सिलेबस को ध्यान से देखें.
पांचवीं गलती है मॉक टेस्ट न देना. अभी नियमित मॉक टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों को पहचानें और उन्हें दूर करें. इससे असली परीक्षा में स्कोर बेहतर होगा. कुल मिलाकर अभी समय है, इसे सही दिशा में इस्तेमाल करें. तैयारी मजबूत रखें और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें.