नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग ने 2026-27 का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इस कैलेंडर के अनुसार मार्च के अंत में सीजीएल, सेलेक्शन पोस्ट और जूनियर इंजीनियर जैसी बड़ी भर्तियों की अधिसूचना जारी होगी. इसके बाद अप्रैल, मई और जून में अन्य प्रमुख परीक्षाओं के नोटिफिकेशन सामने आएंगे. बड़ी संख्या में रिक्त पदों को देखते हुए आने वाले महीनों में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ने की संभावना है.
मार्च के अंत में सबसे बड़ी हलचल देखने को मिलेगी, जब 31 मार्च को संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा, सेलेक्शन पोस्ट और जूनियर इंजीनियर भर्ती की अधिसूचना जारी होगी. यह तीनों भर्तियां हर साल लाखों उम्मीदवारों को आकर्षित करती हैं. आयोग पहले ही 16 मार्च को विभागीय परीक्षा आयोजित कर चुका है. ऐसे में अब सभी की नजरें महीने के अंत में आने वाली इन प्रमुख भर्तियों पर टिकी हैं.
इसके बाद 30 अप्रैल को संयुक्त हिंदी अनुवादक, स्टेनोग्राफर और सीएचएसएल परीक्षा की अधिसूचना जारी की जाएगी. यह परीक्षाएं अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को अवसर देती हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. इससे अभ्यर्थियों को पारदर्शी और आसान प्रक्रिया का लाभ मिलेगा.
मई महीने में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में सब-इंस्पेक्टर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. वहीं जून में मल्टी टास्किंग स्टाफ भर्ती की अधिसूचना सामने आएगी. इन दोनों परीक्षाओं में भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार आवेदन करते हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ जाती है.
कैलेंडर में यह भी बताया गया है कि अधिकांश परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित होंगी. जूनियर इंजीनियर परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय की गई है, जबकि इसका पहला पेपर मई से जून के बीच होगा. वहीं हिंदी अनुवादक परीक्षा का पेपर अगस्त से सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा.
सरकार के हालिया आंकड़ों के अनुसार अर्धसैनिक बलों में 93 हजार से अधिक पद खाली हैं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में एसएससी जीडी सहित कई बड़ी भर्तियां निकल सकती हैं. यह खबर उन युवाओं के लिए बेहद अहम है, जो सुरक्षा बलों में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं.