नई दिल्ली: बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 275 स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है. यह भर्ती खासतौर पर आईटी, साइबर सिक्योरिटी और जोखिम प्रबंधन जैसे तकनीकी क्षेत्रों के लिए की जा रही है.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 23 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. बैंक ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तारीख के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते फॉर्म भर लें.
कुल 275 पद अलग अलग तकनीकी और जोखिम से जुड़े क्षेत्रों में बांटे गए हैं. इनमें जावा और .NET सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट, डेटाबेस एडमिनिस्ट्रेशन, डिजिटल चैनल मैनेजमेंट, सूचना सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे पद शामिल हैं. इसके अलावा नेटवर्क और क्लाउड मैनेजमेंट, विंडोज और एक्टिव डायरेक्टरी एडमिनिस्ट्रेशन, डेटा इंजीनियरिंग और डेटा साइंस, DevSecOps, जोखिम प्रबंधन, आईटी ऑफिसर और जेन एआई जैसे पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी. तकनीकी पृष्ठभूमि और अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है.
ज्यादातर पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में बीई, बीटेक या एमसीए की डिग्री होना जरूरी है. साथ ही अलग अलग पदों के अनुसार 2 से 10 वर्ष तक का कार्य अनुभव मांगा गया है. कुछ विशेष पदों के लिए ओरेकल, रेड हैट, वीएमवेयर, माइक्रोसॉफ्ट, स्प्रिंग फ्रेमवर्क या साइबर सिक्योरिटी से जुड़े प्रमाण पत्र वांछनीय या अनिवार्य हो सकते हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई योग्यता और अनुभव की शर्तें ध्यान से पढ़ लें.
अक्सर अंतिम दिन वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक होने से तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे 23 मार्च से पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. आईटी और जोखिम प्रबंधन क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी बैंक में स्थिर करियर बनाने का बड़ा मौका है. सही समय पर आवेदन और पूरी तैयारी के साथ आप इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं.