पटना: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. केंद्रीय चयन पर्षद (सीएसबीसी) ने बिहार पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल (ऑपरेटर/स्पेशल ब्रांच/जीडी) के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 993 रिक्तियों को भरा जाएगा. इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 1 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
भर्ती अधिसूचना 23 फरवरी 2026 को जारी की गई है. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ले.
इस भर्ती के तहत कॉन्स्टेबल (ऑपरेटर, स्पेशल ब्रांच और जीडी) के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 (इंटरमीडिएट) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है.
आयु सीमा 1 अगस्त 2026 के अनुसार, निर्धारित की गई है. सामान्य वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए आयु 18 से 25 वर्ष रखी गई है. पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों को 27 वर्ष व महिलाओं को 28 वर्ष तक की छूट दी गई है. वहीं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्गों को सरकार के नियमानुसार अतिरिक्त छूट भी मिलेगी.
बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल ऑपरेटर भर्ती में चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा (PST/PET) के लिए बुलाया जाएगा. अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा. सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची तैयार कर नियुक्ति दी जाएगी.
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-3 वेतनमान के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह का वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा राज्य सरकार के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी. नियुक्ति बिहार राज्य के विभिन्न जिलों और इकाइयों में की जाएगी.
अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. होमपेज पर बिहार पुलिस या स्पेशल ब्रांच से संबंधित लिंक पर क्लिक कर “Advt. No. 01/2026 – Apply Online for Constable Operator” विकल्प चुनना होगा. इसके बाद वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से पंजीकरण करना होगा.
पंजीकरण के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा और निर्धारित प्रारूप में फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे. सभी जानकारी सही भरने के बाद आवेदन पत्र जमा कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी है. भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता, परीक्षा पैटर्न और अन्य निर्देश अभ्यर्थी आधिकारिक अधिसूचना में देख सकते हैं. बिहार पुलिस में नौकरी पाने का यह युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.